Chamba News: चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल के दूरदराज क्षेत्र संघणी बाजार में बुधवार देर रात एक भीषण अग्निकांड पेश आया, जिसने कई परिवारों को एक ही झटके में उजाड़कर रख दिया। रात करीब 11:30 बजे अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते करीब सात दुकानों और एक मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी जिंदगीभर की कमाई व वर्षों से संजोई संपत्ति जलकर राख हो गई।
व्यापारिक सामान जलकर खाक, लाखों के नुकसान का अनुमान
रात के सन्नाटे के बीच दुकानों और मकान से आग की ऊंची लपटें उठती देख पूरे बाजार में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में करीब सात दुकानों में रखा सारा सामान, व्यापारिक सामग्री और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गईं, जबकि मकान में रखा घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। हादसे से प्रभावित व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकड़ा राजस्व विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
ग्रामीणों व दमकल कर्मियों ने रात दो बजे तक की मशक्कत
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और दुकानदार मौके पर पहुंचे और बाल्टियों व उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद दमकल विभाग सलूणी की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से रात करीब दो बजे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। सर्दियों के मौसम में दुकान और घर दोनों गंवाने वाले परिवारों के सामने अब आजीविका के साथ-साथ सिर छिपाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
दूरदराज क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद पहाड़ी व दुर्गम बाजारों में आपातकालीन अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने की मांग उठने लगी है, क्योंकि दमकल टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लगने से शुरुआती दौर में आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। कार्यवाहक एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम को नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर भेजा गया है और रिपोर्ट तैयार होने के बाद प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत व आर्थिक सहायता दी जाएगी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है, वहीं प्रभावित लोगों ने प्रशासन से जल्द फौरी राहत देने की मांग की है।