Mandi News: शादी समारोह की खुशियों में शामिल होने जा रहे बारातियों के सफर में एक ऐसा दर्दनाक मोड़ आया कि दो परिवारों के चिराग बुझ गए। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के निहरी क्षेत्र में पंडार चौकी के समीप वीरवार देर शाम करीब 7 बजे एक आल्टो कार (टैक्सी) अनियंत्रित होकर गहरी ढांक में जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जयदेवी से जंद्रेहड़ बारात लेकर जा रहे थे पांचों लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार पांचों लोग जयदेवी से जंद्रेहड़ की ओर जा रहे थे और बारात में शामिल थे। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना में विजय कुमार उर्फ रिंकू (36) पुत्र रामदास, निवासी गांव खगराओ, डाकघर जयदेवी तथा पुनीत कुमार उर्फ अंकू (34) पुत्र केवल कृष्ण, निवासी गांव बोडल, डाकघर जयदेवी की मौत हो गई।
तीनों घायल सीएचसी रोहांडा में भर्ती
हादसे में मनोज कुमार (45) पुत्र भगत राम, सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र पोलू राम और पंकज कुमार (38) पुत्र जगत राम (तीनों निवासी गांव बोडल, डाकघर जयदेवी, तहसील सुंदरनगर) घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रोहांडा पहुंचाया गया है। डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।