रमेश कंवर: केलांग
Lahaul Spiti News: जिला लाहौल एवं स्पीति के टांडी क्षेत्र में वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें कटराईं निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। यह दुर्घटना उस समय घटी, जब एक बोलेरो पिकअप वाहन (HP42-3830) पियुकर लिंक रोड से टांडी की ओर जा रहा था। टांडी पुल के सामने सड़क पार करते समय एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके परिणामस्वरूप पिकअप सड़क से नीचे गहरी ढलान में लुढ़क गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में वाहन चालक अजय पुत्र दीवान चंद, निवासी कटराईं, डाकघर एवं तहसील मनाली, जिला कुल्लू तथा उनकी पत्नी अंजली को मृत घोषित कर दिया गया। इसके अतिरिक्त वाहन में सवार सक्षम पुत्र जवाहर लाल, निवासी लापशक, डाकघर लोट, तहसील केलांग, जिला लाहौल एवं स्पीति घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाना बना हादसे का कारण
प्रारंभिक शिकायत के अनुसार यह दुर्घटना चालक द्वारा वाहन को तेज गति एवं लापरवाही से चलाने के कारण पेश आई है। इस संबंध में पुलिस थाना केलांग में मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए नियमानुसार जांच अमल में लाई जा रही है।