रमेश कंवर: शिमला
Shimla News: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वह शनिवार को शिमला के उपनगर समरहिल स्थित खेल मैदान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित छात्राओं की तीन दिवसीय इंटर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने आई प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की महिला टीमों और कोचों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार-जीत खेल के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक अनुशासन व प्रतिस्पर्धा मायने रखती है और छात्रों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं बेहद आवश्यक हैं।
हिमाचल में भी बढ़ रहा फुटबॉल का क्रेज
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान है और यह बेहद खुशी की बात है कि कॉलेज की छात्राएं इस फुटबॉल प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल पहले विदेशों के साथ दक्षिण व उत्तर-पूर्वी राज्यों में ही अधिक खेला जाता था, लेकिन अब हिमाचल सहित पूरे उत्तर भारत में भी यह खेल तेजी से प्रचलित हो रहा है।
नौकरी में बढ़ेगा खिलाड़ियों का खेल कोटा
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू स्वयं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं और आज उनके नेतृत्व में सरकार खेलों को निरंतर बढ़ावा दे रही है। हाल ही में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले हिमाचल के खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये की सम्मान राशि दी गई है तथा खेलों के माध्यम से मिलने वाले नौकरी के कोटे को भी बढ़ाया जा रहा है।
धर्मशाला में 15 दिसंबर से खेलो इंडिया प्रतियोगिता
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 15 दिसंबर से धर्मशाला में खेलो इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है और उन्होंने प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों से इसमें भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आग्रह किया। इसके साथ ही समरहिल मैदान को साफ-सुथरा रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन का धन्यवाद करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों व मेंटेनेंस अथॉरिटी से अन्य मैदानों को भी स्वच्छ रखने की अपील की।
प्रतियोगिता में प्रदेश भर की 11 टीमें ले रहीं भाग
शुभारंभ समारोह में निदेशक शारीरिक शिक्षा संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि छात्राओं की इस तीन दिवसीय इंटर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता में अब तक 11 टीमें पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अकादमिक ऊंचाइयों को छूने के साथ-साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है।
समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी व छात्र संगठन रहे मौजूद
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज बी.के. शिवराम, शिक्षक संघ अध्यक्ष यशवंत सिंह हारटा, गैर शिक्षक कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष मोहिंद्र सिंह, स्पोर्ट्स ऑब्जर्वर दिग्विजय रॉनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनएसयूआई व एसएफआई के पदाधिकारी, खिलाड़ी छात्राएं, कोच तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।