Kangra News: कांगड़ा जिले के उपमंडल नगरोटा सूरियां की ग्राम पंचायत बनतुंगली में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, जहां दूसरी मंजिल से गिरने के कारण 54 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान चमन लाल पुत्र कश्मीर सिंह निवासी गांव कथोली, तहसील नगरोटा सूरियां के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, चमन लाल प्रवीण कुमार के मकान में निर्माण कार्य कर रहा था। शुक्रवार को दूसरी मंजिल पर काम करते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी नगरोटा सूरियां ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
एएसपी नूरपुर ने मौके पर पहुंचकर की जांच
इधर, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एडीशनल एस.पी. नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू
पुलिस ने मृतक के पुत्र राजेश कुमार के बयान सहित अन्य प्रत्यक्षदर्शियों व गवाहों के बयान दर्ज किए हैं और शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल नूरपुर में करवाया गया। एडीशनल एस.पी. धर्म चंद वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश गिरने का है और पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।