हिमाचल में अब सप्ताह के सातों दिन होगी रोबोटिक सर्जरी: 15 महीनों में 1,100 से अधिक सफल ऑपरेशन पूरे, सीएम सुक्खू बोले; एम्स दिल्ली से कम दरों पर मिल रहा उपचार

रमेश कंवर: शिमला

Himachal Health News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों में सप्ताह के सातों दिन रोबोटिक सर्जरी करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने मात्र 15 महीनों के अल्प समय में 1,100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी करने की उपलब्धि पर चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि रोबोटिक तकनीक की सहायता से कोलन सर्जरी, प्रोस्टेट कैंसर सर्जरी और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई हैं। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को नई तकनीक शीघ्रता से आत्मसात करने पर बधाई देते हुए युवा चिकित्सकों को भी रोबोटिक सर्जरी में दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए।

 

चार मेडिकल कॉलेजों में एम्स दिल्ली से कम दरों पर सुविधा

श्री सुक्खू ने कहा कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक तथा इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला में यह अत्याधुनिक सर्जरी सुविधा एम्स दिल्ली की तुलना में काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही है।

 

अस्पताल में रहने की अवधि 50 से 75 फीसदी हुई कम

मुख्यमंत्री ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से मरीजों के अस्पताल में रहने की अवधि ओपन सर्जरी की तुलना में 50 से 75 फीसदी तक कम हो रही है। इस आधुनिक तकनीक में शल्य चीरा बहुत छोटा लगाया जाता है और रक्तस्राव भी न्यूनतम होता है, जिससे मरीजों को शीघ्र स्वस्थ होने में बड़ी मदद मिलती है।

 

अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी होगा सुविधा का विस्तार

उन्होंने कहा कि अब हिमाचल के मरीजों को उन्नत उपचार के लिए राज्य से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है और सरकार इस सुविधा का विस्तार अन्य चिकित्सा महाविद्यालयों में भी करने पर विचार कर रही है। अब तक 41 सर्जन और नर्सों व ऑपरेशन थिएटर सहायकों सहित 34 केयर टीम सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

 

बैठक में मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालयों से लंबित ऑपरेशनों की रिपोर्ट भी मांगी है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, अटल मेडिकल यूनिवर्सिटी मंडी के कुलपति डॉ. डी.के. वर्मा, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार तथा निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. गोपाल बेरी उपस्थित थे, जबकि मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

खबरें और भी हैं...