Shimla Crime News: चिट्टा सप्लाई करने वाला मुख्य सरगना पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार

Himachal News

Shimla Crime News: शिमला पुलिस के स्पैशल सैल ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटी और जुन्गा क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी एवं सप्लायर को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान युगराज पुत्र प्यार चंद निवासी कोटी, तहसील जुन्गा व जिला शिमला के रूप में हुई है।

शातिर आरोपी 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे गहन पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

 

लोअर चक्कर में महिला से बरामद हुआ था 56 ग्राम चिट्टा

पुलिस के अनुसार इस मामले की कड़ियां बीते 15-16 अक्तूबर की मध्यरात्रि से जुड़ी हैं, जब स्पैशल सैल ने शिमला के लोअर चक्कर स्थित एक कमरे में दबिश देकर महिला के कब्जे से 56 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस संबंध में 16 अक्तूबर को थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग संख्या 218/26 दर्ज हुआ था, जिसमें मुख्य सप्लायर युगराज की तलाश थी।

 

महिला के क्वार्टर से चल रहा था धंधा

मामले की तफ्तीश में यह बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी युगराज ने महिला के क्वार्टर को नशा सप्लाई करने का मुख्य ठिकाना बना रखा था। वह अपने साथियों के जरिए शिमला और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने का अवैध धंधा चला रहा था।

 

मोहाली में भी हो चुका है गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय तस्करों से संपर्क

पुलिस जांच में आरोपी के अंतर्राज्यीय नशा तस्करों से संपर्क होने की बात भी सामने आई है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वह इससे पहले पंजाब के मोहाली में अभियोग संख्या 66/22 के तहत 20 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है।

 

कोटी और आसपास के सप्लाई नैटवर्क को लगा झटका

पुलिस के अनुसार मुख्य सप्लायर की इस गिरफ्तारी से कोटी और इसके आसपास के क्षेत्रों में फैले नशे के सप्लाई नैटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों और उनके मुख्य स्रोतों के खिलाफ इस तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...