Himachal Crime News: पांवटा साहिब व कुल्लू में चिट्टे सहित यूपी और पंजाब के 3 तस्कर गिरफ्तार

Himachal News

Himachal Crime News: हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। सिरमौर पुलिस की एसआईयू नाहन टीम ने पांवटा साहिब में उत्तर प्रदेश के एक युवक को 3.40 ग्राम चिट्टा (स्मैक) के साथ पकड़ा है, वहीं कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में पंजाब के दो तस्करों को 20.06 ग्राम हैरोइन के साथ दबोचने में सफलता हासिल की है।

सिरमौर मामले में एसआईयू नाहन की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि अफजल पुत्र रफीक निवासी गांव एवं तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) लंबे समय से पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना के मुताबिक आरोपी कुल्हाल की तरफ से पैदल पांवटा साहिब आ रहा था।

 

यमुना बैरियर के पास नाकाबंदी में पकड़ा गया यूपी का युवक

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यमुना बैरियर के पास पुल पर नाकाबंदी की और कुल्हाल की ओर से आ रहे संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी अफजल को गिरफ्तार कर थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

 

बंजार के बिहाली बाईपास पर ढोलक बैग से मिली 20.06 ग्राम हैरोइन

दूसरी बड़ी कार्रवाई में डिटैक्शन सैल बंजार की टीम सुबह करीब 11 बजे गश्त के दौरान गर्गाचार्य स्टोन क्रैशर से 200 मीटर आगे बिहाली बाईपास रोड के पास पहुंची, जहां दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े थे। इनमें से एक युवक ने अपने कंधे व गले से बाईं तरफ काले रंग का तीन तनी वाला ढोलक बैग डाला हुआ था, जिसके बाहर दोनों तरफ छोटी चेनें व बीच में बड़ी चेन लगी थी।

 

मोगा पंजाब के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गवाहों के सामने पूछताछ में बैग डाले युवक ने अपना नाम सोनू पुत्र राम सेवक निवासी विश्वकर्मा नगर मोगा व दूसरे ने आकाशदीप सिंह पुत्र पाल सिंह निवासी हाकम का गवाड़ मोगा (पंजाब) बताया। बैग की तलाशी लेने पर 20.06 ग्राम हैरोइन बरामद हुई, जिस पर दोनों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज कर नशे के स्रोत और डिलीवरी की छानबीन शुरू कर दी गई है।

खबरें और भी हैं...