Himachal Weather: हिमाचल में 3 दिसंबर से करवट बदलेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

Himachal Weather

रमेश कंवर: शिमला

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में लंबे शुष्क दौर के बाद आगामी तीन दिसंबर से मौसम करवट बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा, लेकिन 2 दिसंबर की रात से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 दिसंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि 4 दिसंबर को मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश व हिमपात के आसार हैं।

दूसरी ओर मौसम विभाग ने 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक बिलासपुर (भाखड़ा जलाशय क्षेत्र), हमीरपुर (सुजानपुर टिहरा) और मंडी (बल्ह घाटी) के कुछ हिस्सों में देर रात व सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। इस बीच कोहरे और ठंड से बचने के लिए वीकेंड पर शिमला, कुफरी, मनाली और धर्मशाला जैसे पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल बढ़ गई है।

 

नवंबर में सामान्य से 82 फीसदी कम बरसे मेघ

नवंबर माह में प्रदेश में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है, जहां 1 से 27 नवंबर तक 17.1 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले मात्र 3.1 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य से 82 फीसदी कम है। बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में बारिश शून्य यानी 100 फीसदी कम रही, जबकि कांगड़ा में 99, कुल्लू व मंडी में 98, सोलन में 96 और शिमला में 91 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

जनजातीय इलाकों में माइनस में लुढ़का पारा

शनिवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस और कुकुमसेरी में माइनस 3.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान 8 और मनाली का 3.4 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान की बात करें तो ऊना में सबसे अधिक 27.6 डिग्री, शिमला में 19 और मनाली में 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ तथा अगले तीन-चार दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

 

शीतकालीन तैयारियों को लेकर मंडी प्रशासन अलर्ट

आगामी सर्दियों में संभावित बर्फबारी और शीतलहर से निपटने के लिए मंडी जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) अपूर्व देवगन ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग आपदा प्रबंधन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करे और रेड व येलो अलर्ट की जानकारी औट, सुंदरनगर तथा मंडी की स्क्रीन पर साझा की जाए।

84 उचित मूल्य दुकानों में राशन और दवाइयों का भंडारण

उपायुक्त ने बताया कि जिले के अधिक बर्फबारी वाले क्षेत्रों में 84 उचित मूल्य की दुकानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त राशन का अग्रिम भंडारण किया गया है और स्वास्थ्य विभाग को जीवन रक्षक दवाइयां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए कि बर्फबारी के अलर्ट के दौरान संबंधित क्षेत्र का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेगा।

 

सड़क, बिजली, पेयजल और रैन बसेरों पर विशेष फोकस

लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील सड़क मार्ग चिन्हित कर मशीनरी तैनात करने और बिजली व पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था रखने को कहा गया है। शीतलहर को देखते हुए सड़कों व बाजारों में रह रहे बेघर लोगों की मैपिंग कर सभी रैन बसेरों को क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही पराशर, बरोट, शिकारी देवी और कमरूनाग में प्रतिकूल मौसम के दौरान ट्रैकिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी।

 

आपात स्थिति में 1077 पर दें सूचना, बैठक में अधिकारी रहे मौजूद

उपायुक्त ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में चौबीसों घंटे क्रियाशील जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र के नंबर 01905-226201, 202, 203, 204 या टोल फ्री नंबर 1077 पर तुरंत सूचना दें। बैठक की कार्यवाही का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने किया, जिसमें सभी उपमंडलाधिकारी और जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...