एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में बोले सीएम सुक्खू: मेडिकल कॉलेजों में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी, प्रदेश में बढ़ेंगी 320 पीजी सीटें; हमीरपुर में खुला उत्तर भारत का पहला एलाइड कॉलेज

नेशनल न्यूज नेटवर्क: बिलासपुर

AIIMS Bilaspur: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को बाहर न जाना पड़े।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं, कैंसर उपचार और सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर प्रदेश की जनता की ओर से आभार जताया।

 

प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में बढ़ाई जा रही हैं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं और एम्स दिल्ली की तर्ज पर 3 टेस्ला एमआरआई, पीईटी स्कैन, हाई-एंड एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि वर्ल्ड क्लास हेल्थ सर्विसेज केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रदेश के दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी इनका पूरा लाभ मिले।

 

सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने पर जोर

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ाए हैं, जिसका सबसे बड़ा लाभ आम और गरीब परिवारों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार चिकित्सा क्षेत्र में विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूत करने के साथ नई तकनीक को स्वास्थ्य व्यवस्था का हिस्सा बना रही है ताकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को चंडीगढ़ या अन्य बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।

 

हिमाचल में 320 अतिरिक्त पीजी सीटें बढ़ाने के लिए केंद्र से किया आग्रह

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से हिमाचल के लिए अतिरिक्त पीजी सीटों के विस्तार में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने के लिए करीब 320 अतिरिक्त पीजी सीटें बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की पीजी सीटों के विस्तार की पहल का उल्लेख करते हुए हिमाचल को भी इसका लाभ देने का अनुरोध किया। इसके साथ ही प्रदेश में आयुर्वेदिक अस्पताल स्थापित करने की दिशा में भी काम जारी है।

 

हमीरपुर में शुरू किया गया उत्तर भारत का पहला एलाइड हेल्थ केयर कॉलेज

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में मेडिकल और एलाइड हेल्थ केयर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हमीरपुर में उत्तर भारत का पहला एलाइड कोर्सेज कॉलेज शुरू किया गया है, जिसमें 244 सीटों का प्रावधान किया जा रहा है। रेडियोग्राफर और ऑपरेशन थियेटर तकनीशियन समेत अन्य पैरामेडिकल विशेषज्ञों की कमी को दूर करने के लिए इन पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में भी एलाइड हेल्थ कोर्सेज शुरू किए गए हैं।

 

डिग्रियां प्राप्त करने वाले मेधावी डॉक्टरों को दी बधाई और शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि डिग्री उन्हें पहचान दे सकती है, लेकिन मानवता की सेवा ही उन्हें वास्तविक संतुष्टि देगी। उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों के लोगों के लिए भी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समृद्ध हिमाचल की असली पहचान हैं।

खबरें और भी हैं...