हमीरपुर में भारी बारिश का कहर: दो दिनों में 11.25 करोड़ का नुकसान, मानसून सीजन में कुल क्षति 71.26 करोड़ के पार

Hamirpur Rainfall Loss Damage Report

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 से 48 घंटों के भीतर जिले में 11.25 करोड़ रुपए से अधिक की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान हुआ है। इस दौरान एक कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दो गौशालाएं पूरी तरह ढह गईं। एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि नुकसान का आकलन कर प्रभावितों तक राहत पहुंचाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

 

लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग को बड़ा झटका

बारिश के कारण सबसे अधिक चपत लोक निर्माण विभाग को लगी है, जिसे बीते दो दिनों में ही करीब 10 करोड़ रुपए की क्षति झेलनी पड़ी है। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग की विभिन्न पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं को 1.24 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। विद्युत बोर्ड की लाइनों और खंभों को भी लगभग एक लाख रुपए की क्षति पहुंची है। जिले भर में कई स्थानों पर सड़कें बंद होने और पेयजल आपूर्ति बाधित होने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

 

मानसून सीजन में कुल नुकसान 71.26 करोड़ पार

हमीरपुर जिले में इस मानसून सीजन के दौरान 30 जून के बाद से अब तक कुल नुकसान का आंकड़ा 71.26 करोड़ रुपए से अधिक पहुंच चुका है। इसमें सर्वाधिक 45.33 करोड़ रुपए का नुकसान अकेले लोक निर्माण विभाग को हुआ है। जल शक्ति विभाग को 23.42 करोड़ रुपए, विद्युत बोर्ड को 1.13 करोड़ रुपए, नेशनल हाईवे को 50.22 लाख रुपए और शिक्षा विभाग को 17.70 लाख रुपए की चपत लगी है। इसके अलावा बागवानी फसलों को 43.56 लाख रुपए की क्षति हुई है।

 

निजी और सार्वजनिक भवनों को क्षति

जिले में आपदा के कारण कई सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। एक पंचायत भवन गिरने से लगभग 3.50 लाख रुपए और दो किचन शेड ढहने से 65 हजार रुपए की क्षति दर्ज की गई है। इस पूरे सीजन में एक पक्का और छह कच्चे मकान पूरी तरह ध्वस्त हुए, जिससे 14.45 लाख रुपए का नुकसान हुआ। वहीं 28 अन्य कच्चे और पांच पक्के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। 32 गौशालाएं ढहने से 8.85 लाख रुपए की क्षति दर्ज की गई है। एडीसी ने राजस्व अधिकारियों को नुकसान का तुरंत आकलन कर रिपोर्ट भेजने को कहा है ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत राशि प्रदान की जा सके।

खबरें और भी हैं...