मानसून आपदा का आकलन करने कुल्लू पहुंची 6 सदस्यीय केंद्रीय टीम: सैंज घाटी, मातला और सिउण्ड पुल का किया स्थलीय निरीक्षण, एनएचपीसी विश्राम गृह में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

रमेश कंवर: कुल्लू

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए भारी नुकसान का मौके पर जाकर आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर कुल्लू पहुंची। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु की अगुवाई में पहुंची इस उच्चस्तरीय टीम ने दौरे के पहले दिन ही जिले के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का धरातलीय निरीक्षण किया और प्राकृतिक त्रासदी से हुए नुकसान का जायजा लिया।

प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू लगातार केंद्र सरकार से आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष राहत पैकेज और केंद्रीय सहायता की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में कुल्लू के ओट पहुंचने पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुरजीत सिंह राठौर सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने केंद्रीय दल का स्वागत किया। इसके उपरांत टीम ने तुरंत प्रभावित स्थलों का रुख करते हुए सैंज घाटी की ओर प्रस्थान किया और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं।

 

जमीन धंसने से प्रभावित परिवारों से मिले अधिकारी

केंद्रीय टीम ने सैंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुचैण के मातला गांव का दौरा कर लैंडस्लाइड के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों और भू-भाग का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने प्रभावित परिवारों से सीधे बात कर उनके नुकसान का दुख साझा किया और स्थिति की जानकारी ली। इसके पश्चात केंद्रीय दल ने सैंज जल विद्युत परियोजना, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सिउण्ड पुल तथा सैंज बाजार का भी दौरा कर बाढ़ व बारिश से हुए बुनियादी ढांचे के नुकसान को देखा।

 

एनएचपीसी बिहाली में अधिकारियों संग समीक्षा बैठक

निरीक्षण के बाद एनएचपीसी विश्राम गृह बिहाली में जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली, सड़क, पेयजल योजनाओं, कृषि, बागवानी, सरकारी व निजी संपत्तियों को पहुंची क्षति का बिंदुवार ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। केंद्रीय टीम में जल शक्ति मंत्रालय, कृषि, ग्रामीण विकास, सड़क परिवहन, वित्त मंत्रालय और इसरो के वैज्ञानिकों सहित राज्य सरकार के अतिरिक्त सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन) सुनील वर्मा भी शामिल रहे।

खबरें और भी हैं...