शिमला और धर्मशाला बने देश के आदर्श शहर, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 की ‘प्रगति-50’ सूची में हिमाचल को मिली बड़ी उपलब्धि

50 Model Cities Himachal News

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी धर्मशाला को केंद्र सरकार की प्रतिष्ठित ‘प्रगति-50’ पहल के तहत देश के 50 मॉडल शहरों की सूची में शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री के 51वें प्रगति सम्मेलन के दौरान जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के अंतर्गत यह ऐतिहासिक कदम उठाया है। इस योजना के तहत देश के 24 राज्यों से चयनित 50 शहर अब स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और प्रयुक्त जल प्रबंधन में उच्च प्रदर्शन मानक स्थापित कर बाकी देश के लिए नजीर पेश करेंगे।

ग्रीन और क्लीन हिमाचल के संकल्प को बल देते हुए शिमला और धर्मशाला का चयन राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इस महत्वाकांक्षी पहल का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रमुख सांस्कृतिक स्थलों, आर्थिक केंद्रों और पर्यटन नगरी शिमला व धर्मशाला को शामिल करने से कचरा मुक्त शहर बनाने के अभियान को नई गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री स्वयं हर दो महीने में समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता कर इन शहरों की प्रगति का डिजिटल जायजा लेंगे।

 

स्वच्छतम पोर्टल पर होगी शिमला और धर्मशाला की समीक्षा

समारोह के दौरान आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि स्वच्छता अब एक जन आंदोलन से आगे बढ़कर लोगों की जीवनशैली बन चुकी है। वहीं शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह ने बताया कि यह पहल संपूर्ण शहर के दृष्टिकोण पर काम करेगी। निष्पक्ष निगरानी सुनिश्चित करने के लिए ‘स्वच्छतम पोर्टल‘ पर सक्रिय शासन और समयबद्ध कार्यान्वयन हेतु डिजिटल समीक्षा प्रणाली स्थापित की गई है, जिसके तहत मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी चयनित शहरों का मार्गदर्शन करेंगे।

 

IIT कानपुर के सहयोग से 75 स्वच्छता स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन

मिशन ने नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सीएसआईआर-सीएमईआरआई के सहयोग से दुर्गापुर में ‘स्वच्छ भारत परीक्षण और नवाचार केंद्र’ का शुभारंभ किया है। इसके साथ ही आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (SIIC) के सहयोग से 13 नए स्टार्टअप्स के साथ तीसरे बैच का शुभारंभ किया गया, जिससे अब तक कुल 75 स्वच्छता स्टार्टअप्स को जोड़ा जा चुका है। इसके अतिरिक्त, नागरिकों के लिए एक समर्पित व्हाट्सएप चैनल, ‘स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन डिजिटल कोष’ और नई दिल्ली स्थित संकल्प भवन में पहला ‘RRR सेंटर’ भी लॉन्च किया गया।

खबरें और भी हैं...