हिमाचल पुलिस की एएसआई कमलेश कुमारी का संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में चयन, दक्षिण सूडान में संभालेंगी कमान

Himachal News ASI Kamlesh Kumari UN Mission

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: वर्दी वही रहेगी, लेकिन अब जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय मंच पर होगी। हिमाचल प्रदेश पुलिस की सहायक उपनिरीक्षक (ASI) कमलेश कुमारी ने अपनी लगन, कड़ी मेहनत और अदम्य साहस के बल पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन दक्षिण सूडान में स्थित संयुक्त राष्ट्र (UN) शांति मिशन के लिए हुआ है। अब कमलेश कुमारी हजारों किलोमीटर दूर हिंसा और संघर्ष प्रभावित दक्षिण सूडान में शांति स्थापना से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाएंगी।

उनकी इस वैश्विक सफलता से न केवल हिमाचल पुलिस का मान बढ़ा है, बल्कि पूरे प्रदेश और देश में गर्व की लहर है। संयुक्त राष्ट्र मिशन के लिए चयन प्रक्रिया अत्यंत कठिन और चुनौतीपूर्ण होती है, जिसमें प्रशासनिक दक्षता, शारीरिक फिटनेस और उत्कृष्ट पुलिसिंग ट्रैक रिकॉर्ड को परखा जाता है। कमलेश कुमारी ने चयन कसौटी के हर कड़े पैमाने पर खरा उतरते हुए यह मुकाम हासिल किया है।

 

प्रदेश सरकार ने गृह विभाग से जारी किए आदेश, आईटीबीपी सेंटर में होगी रवानगी पूर्व औपचारिकताएं

संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में चयन के बाद कमलेश कुमारी के विदेश जाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने उन्हें संयुक्त राष्ट्र मिशन में प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं देने के लिए राज्य पुलिस से कार्यमुक्त (Relieve) करने की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में शासन स्तर पर जरूरी आदेश जारी कर दिए गए हैं।

सरकारी निर्देशों के अनुसार, हिमाचल पुलिस से रिलीव होने के बाद कमलेश कुमारी को नई दिल्ली के तिगड़ी-मदनपुर स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 22वीं वाहिनी के राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र पुलिस केंद्र में रिपोर्ट करना होगा। वहां मिशन पर जाने से पहले आवश्यक ट्रेनिंग और कागजी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। सरकार ने पुलिस महानिदेशक को केंद्रीय गृह मंत्रालय से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

 

संघर्षग्रस्त दक्षिण सूडान में संभालेंगी शांति व्यवस्था का जिम्मा

पूर्वी अफ्रीका का देश दक्षिण सूडान लंबे समय से आंतरिक संघर्ष और राजनीतिक अस्थिरता से प्रभावित रहा है। ऐसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन का हिस्सा बनना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और जोखिम भरा दायित्व है। कमलेश कुमारी वहां आम नागरिकों की सुरक्षा, मानवाधिकारों की रक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने से जुड़ी अंतर्राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी।

 

गांव की पगडंडियों से विश्व मंच तक का प्रेरणादायक सफर

एक छोटे से गांव से निकलकर पहले हिमाचल पुलिस सेवा में अपनी अलग पहचान बनाना और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना, कमलेश कुमारी का यह सफर लाखों युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक है। उनकी यह सफलता उन अनगिनत बेटियों के लिए एक मिसाल है, जो सीमित साधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखती हैं।

खबरें और भी हैं...