Himachal News: पालमपुर में यूनिवर्सिटी के पास 25 ग्राम चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार, पंजाब और बैजनाथ के रहने वाले हैं आरोपी

Himachal News

Himachal News: कांगड़ा जिले में पालमपुर के पंचरुखी थाना क्षेत्र के तहत श्री साई यूनिवर्सिटी के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने धर दबोचा है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 25.37 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है।

पुलिस गश्त के दौरान दोनों युवक पैदल घूमते हुए पुलिस की नजर में आए। उनकी संदिग्ध गतिविधियों और हरकतों को देखकर सीआईए टीम को शक हुआ, जिसके बाद जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से नशे की यह खेप बरामद हुई।

कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने पंचरुखी पुलिस थाना के अंतर्गत श्री साई यूनिवर्सिटी बैंड के पास विशेष गश्त व नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पैदल घूम रहे दो युवकों को रोककर जब पूछताछ और तलाशी ली गई, तो चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय पलविंदर सिंह निवासी दवावाल कलां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) तथा 35 वर्षीय ऋषभ कुमार निवासी अवेरी, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

क्या छात्रों तक पहुंचाई जानी थी नशे की खेप?

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ थाना पंचरुखी में मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिक्षण संस्थान के समीप से इतनी मात्रा में हेरोइन मिलने के बाद पुलिस इस बिंदु पर भी गंभीरता से जांच कर रही है कि क्या यह सप्लाई यूनिवर्सिटी के छात्रों या स्थानीय युवाओं को दी जानी थी।

नशे के नेटवर्क के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिट्टा कहां से खरीदा गया था और इसे किसे दिया जाना था। सीआईए टीम जिले में शिक्षण संस्थानों के आसपास सक्रिय नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं...