Himachal News: रामपुर में 150 मीटर गहरी खड्ड में गिरी अनियंत्रित पिकअप, घायल युवक को तड़पता छोड़ चालक हुआ फरार

2 घंटे पहले
Himachal News

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रामपुर-रोहड़ू मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक खौफनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। भद्राश के पास एक तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे मच्छाड़ा खड्ड में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में एक 20 वर्षीय युवक और चालक सवार थे।

दुर्घटना में पिकअप सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हादसे के बाद चालक इंसानियत को शर्मसार करते हुए घायल को दुर्घटनाग्रस्त वाहन में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह खड्ड में उतरकर घायल युवक को बाहर निकाला और खनेरी अस्पताल पहुंचाया।

रामपुर पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:40 बजे भद्राश के पास पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। करीब 150 मीटर गहरी ढलान होने के कारण मच्छाड़ा खड्ड में गिरी पिकअप तक पहुंचना पुलिस दल के लिए भी आसान नहीं था।

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के स्थानीय लोग भी मदद के लिए जुट गए। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गहरी खाई में उतरकर पिकअप में फंसे 20 वर्षीय युवक हरीश को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उपचार के लिए तुरंत महात्मा गांधी चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचाया।

हादसे में घायल हरीश की हालत नाजुक बनी हुई है। खनेरी अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद युवक को निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि गंभीर स्थिति के कारण घायल युवक फिलहाल पुलिस को बयान देने की स्थिति में नहीं है।

हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, क्या गाड़ी में कोई तकनीकी खराबी आई थी या पिकअप की रफ्तार अधिक थी, इसका वास्तविक खुलासा घायल हरीश के बयान दर्ज होने के बाद ही हो पाएगा।

दुर्घटना के बाद पिकअप चालक प्रकाश का इस तरह घायल को छोड़कर भाग जाना मामले को और अधिक गंभीर बना रहा है। घटना के बाद से ही रामपुर पुलिस फरार चालक की धरपकड़ के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने स्थानीय फायर ब्रिगेड की मदद से खड्ड और आसपास के जंगलों में भी चालक की तलाश में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है कि हादसा होते ही चालक किस दिशा में भागा।

रामपुर पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। जांच टीम दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ वाहन की गति और दुर्घटना से पहले की परिस्थितियों की भी गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...