गांधी जयंती पर जाणा पंचायत में विशेष ग्राम सभा: विकास योजनाओं और मनरेगा कार्यों को मिली मंजूरी

1 सप्ताह पहले

रमेश कंवर: मनाली 

Himachal News: मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर ग्राम पंचायत जाणा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रधान लक्ष्मण सिंह ने की। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

विशेष ग्राम सभा में पंचायत के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता अभियान, मनरेगा के तहत आगामी विकास कार्यों, प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण और गांव की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों ने पंचायत के विकास को नई गति देने के लिए अपने सुझाव साझा किए, जिसके आधार पर कई विकास योजनाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

 

लोकतंत्र की मजबूत नींव है ग्राम सभा: लक्ष्मण सिंह

ग्राम सभा की सफलता और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर खुशी जताते हुए प्रधान लक्ष्मण सिंह ने समस्त ग्राम सभा सदस्यों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की एकजुटता से ही पंचायत का सतत विकास संभव है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई ग्राम सभा है और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत प्रेरणादायी है। गांधी जयंती पर ग्रामीणों द्वारा विकास कार्यों में दिखाई गई रुचि सराहनीय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंचायत प्रशासन सभी वार्डों के संतुलित, निष्पक्ष और पारदर्शी विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहेगा।

 

स्वच्छता का लिया गया संकल्प

बैठक के समापन पर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत परिसर तथा आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। स्वच्छता ही सेवा के संदेश को अपनाते हुए गांव में सफाई अभियानों को निरंतर चलाने पर बल दिया गया। इस विशेष ग्राम सभा के दौरान बीडीसी सदस्य, उप-प्रधान, सभी वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...