Kullu News: वोल्वो बस स्टैंड से भूतनाथ मंदिर तक सड़क की होगी री-कारपेटिंग, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश

रमेश कंवर: मनाली

Kullu News: पर्यटन नगरी मनाली में वोल्वो बस स्टैंड से पिकाडिली रिसोर्ट्स होते हुए भूतनाथ मंदिर तक जाने वाली लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी खस्ताहाल सड़क का जल्द कायाकल्प होगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस सड़क की री-कारपेटिंग करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग को तत्काल विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर मंत्रालय को भेजने के निर्देश जारी किए हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर की अगुवाई में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पर्यटन कारोबार से जुड़े संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने 15 मील में लोक निर्माण मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सड़क की बदहाल स्थिति से उन्हें अवगत करवाया और प्राथमिकता के आधार पर सुधारीकरण की मांग रखी।

 

Kullu News: बरसात के बाद बदहाल हुई थी 1.5 किलोमीटर सड़क

प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वर्ष 2025 की भारी बरसात के कारण यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण यहां से गुजरने वाले पर्यटकों, स्थानीय निवासियों, होटल व्यवसायियों और टैक्सी चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए इस प्रमुख संपर्क मार्ग की मरम्मत अत्यंत आवश्यक हो गई है।

 

अधिशाषी अभियंता को मौके पर दिए निर्देश, बजट का दिया भरोसा

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जनहित और पर्यटन से जुड़ी इस समस्या पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग मनाली मंडल के अधिशाषी अभियंता अनूप शर्मा को निर्देश दिए कि वह उक्त 1.5 किलोमीटर सड़क की कारपेटिंग का प्राक्कलन (एस्टीमेट) शीघ्र तैयार कर मंत्रालय को प्रेषित करें। मंत्री ने आश्वस्त किया कि विभाग से प्रस्ताव मिलते ही आवश्यक बजट राशि को तुरंत मंजूरी प्रदान कर दी जाएगी ताकि कार्य में कोई विलंब न हो।

 

पर्यटन कारोबारियों और स्थानीय जनता में खुशी की लहर

मंत्री द्वारा त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद मनाली के पर्यटन हितधारकों, होटल कारोबारियों और स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन और जनहित की समस्या पर त्वरित निर्णय लेने के लिए लोक निर्माण मंत्री का आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस मौके पर मनाली होटलियर एसोसिएशन के पदाधिकारी, व्यापार मंडल मनाली के अध्यक्ष संजीव ठाकुर संजू, महासचिव रजनीश शर्मा, टैक्सी यूनियन अलेऊ के अध्यक्ष राजकुमार डोगरा सहित कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह नेगी, अनिल कुमार, गोकुल चंद सहगल, पूर्व पार्षद जगदीश कुमार, रणवीर सिंह सागर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजा और महासचिव विक्की सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...