रमेश कंवर: कुल्लू
Himachal News: कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भुंतर और कुल्लू विकासखंडों के पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभागीय कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पात्र और जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुंचाना सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में दोनों ब्लॉक के पंचायत प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, ग्राम रोजगार सेवकों और पंचायत सचिवों ने भाग लिया। विधायक सुंदर ठाकुर ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और पात्र परिवारों की सूची तैयार करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित और असहाय वर्गों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।
योजना के पात्रता मानदंड और श्रेणी
बैठक के दौरान योजना के पात्रता मानदंडों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। योजना के अंतर्गत ऐसे परिवार पात्र होंगे जिनकी वार्षिक आय सभी स्रोतों से 75,000 रुपये से कम हो। इसके साथ ही 27 वर्ष से कम आयु के अनाथ बच्चों वाले परिवार, अथवा ऐसे परिवार जिनमें केवल 59 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग हों और 27 से 59 वर्ष की आयु का कोई वयस्क सदस्य न हो, वे भी इसके दायरे में आएंगे। महिला मुखिया वाले परिवार (जिनमें विधवा, अविवाहित, तलाकशुदा या परित्यक्त महिलाएं हों और 27 से 59 वर्ष का वयस्क पुरुष न हो), 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता से ग्रस्त मुखिया वाले परिवार, भूमिहीन परिवार तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 या 2025-26 में मनरेगा के तहत कम से कम एक दिन काम करने वाले परिवार भी योजना के लिए पात्र माने जाएंगे।
गंभीर बीमारियों से पीड़ित और असहाय परिवारों को भी मिलेगा लाभ
योजना के तहत गंभीर बीमारियों से प्रभावित परिवारों को भी विशेष राहत दी जाएगी। ऐसे परिवार जिनके कमाने वाले सदस्य कैंसर, अल्जाइमर, पार्किंसन, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया जैसी बीमारियों के कारण स्थायी रूप से काम करने में असमर्थ हो चुके हैं, या दुर्घटना के कारण रीढ़ की हड्डी में चोट से बिस्तर पर हैं, उन्हें पात्रता सूची में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य बरशैनी प्रवीन ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष भुंतर राम प्रसाद, बीडीओ भुंतर गौरव धीमान, बीडीओ कुल्लू लक्ष्मीकांत सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।