Himachal News: नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर कुल्लू में बैठक, सितंबर के अंत में होगा जिला स्तरीय मेगा इवेंट

1 घंटा पहले
Himachal News Kullu Nasha Mukt Bharat Abhiyan Meeting

Himachal News: भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत जिला कुल्लू में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की गतिविधियों को गति देने और आगामी रणनीतियों पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपायुक्त एवं एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने की। इस दौरान जिले में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने, जनजागरूकता फैलाने और प्रभावित युवाओं को पुनर्वास सुविधाओं से जोड़ने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक में जानकारी दी गई कि नशा मुक्त भारत अभियान की छठी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सितंबर 2026 के चौथे या पांचवें सप्ताह में जिला स्तर पर एक विशाल ‘मेगा इवेंट’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान, सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम और जन-प्रतिज्ञा सहित कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी ताकि संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

 

ब्लॉक स्तर पर कमेटियों का गठन और संवेदनशील क्षेत्रों की मैपिंग

एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि मादक पदार्थों की मांग और आपूर्ति को नियंत्रित करने के लिए जिले में ब्लॉक स्तर पर ‘ड्रग डिमांड रिडक्शन कमेटियों’ का गठन कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जिले के अत्यधिक संवेदनशील और नशे से प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष रोकथाम अभियान चलाए जाएं। इसके साथ ही नशे की गिरफ्त में आ चुके व्यक्तियों के इलाज और मानसिक परामर्श के लिए भुंतर स्थित ‘एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी’ के माध्यम से दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व सुलभ बनाने के आदेश दिए गए।

 

जमीनी स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश

एडीएम ने स्पष्ट किया कि नशा मुक्त भारत अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर पंचायत और ग्राम स्तर तक ले जाया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिसोर्स पर्सन व शिक्षकों के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाएं तथा कम्युनिटी रेडियो जैसे स्थानीय संचार माध्यमों का उपयोग किया जाए।

 

जिला कल्याण अधिकारी एवं सदस्य सचिव गिरधारी लाल शर्मा ने जानकारी दी कि जिले में शिक्षण संस्थानों और पंचायतों के सहयोग से अब तक नुक्कड़ नाटक, साइक्लोथॉन, मैराथन, पोस्टर मेकिंग और योग शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। सभी संबंधित विभागों को इन गतिविधियों की एक्शन टेकन रिपोर्ट और फोटो समय पर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...