Himachal News: सिरमौर में 28.22 करोड़ की 5 सड़क परियोजनाओं का सीएम सुक्खू ने किया शिलान्यास

53 मिनट पहले
Himachal News Sirmour Renuka Ji PMGSY Road Projects

Himachal News: मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज वर्चुअल माध्यम से सिरमौर जिला के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के पहले चरण के अंतर्गत पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इन परियोजनाओं के निर्माण पर कुल 28.22 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।

वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस शिलान्यास समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री रेणुका जी क्षेत्र की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें ही विकास, समृद्धि और जीवन की जीवनरेखा हैं, जिन्हें सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है।

 

28.22 करोड़ रुपये से निर्मित होंगी ये पांच प्रमुख ग्रामीण सड़कें

पीएमजीएसवाई-4 के तहत स्वीकृत 28.22 करोड़ रुपये की कुल लागत से जिन पांच सड़क परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा, उनमें बिरला-गाटू से मढारा सड़क, कटवारी बगराथ से बिरला सड़क, ठाकर से कुज्जेवाला सड़क, गांव बखान से केलेवाला सड़क तथा खरकोली से उंग्गर कांडो सड़क शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से दूरदराज के ग्रामीणों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जा सकेगा और उन्हें दैनिक आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।

 

दूरदराज क्षेत्रों को स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं से जोड़ेगी सड़क नेटवर्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री रेणुका जी क्षेत्र में इन पांच नई सड़कों के बन जाने से न केवल यातायात सुलभ होगा, बल्कि ग्रामीण व दूरदराज के इलाकों में रहने वाली आबादी के लिए बेहतर शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़कर स्थानीय निवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना के सुधार और विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।

 

सांसद सुरेश कश्यप और जिला प्रशासन रहा मौजूद

समारोह में उपस्थित शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कुमार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने देशभर में ग्रामीण क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने केंद्र और राज्य के साझा प्रयासों से सिरमौर को मिली इन सड़कों के लिए प्रसन्नता जताई। इस अवसर पर सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...