Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में फिर बदला मौसम का मिजाज, अगले चार दिन भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी 225 ट्रांसफॉर्मर और सड़कें प्रभावित

Himachal Weather

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। बीते दिन शाम को राज्य के कई हिस्सों में मुसलाधार बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी चार दिनों तक प्रदेश भर में भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर और शिमला जिलों के विभिन्न स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है।

 

बारिश से सड़कें और बिजली पेयजल सेवाएं प्रभावित

लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में बुनियादी सुविधाओं पर असर पड़ा है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 225 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए हैं, जबकि नौ पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इसके अतिरिक्त कई जिलों में यातायात बाधित हुआ है। मंडी जिले में सबसे अधिक 24 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा कुल्लू में 16, कांगड़ा और सिरमौर में सात-सात, ऊना में चार, शिमला में तीन, चंबा में दो और लाहौल-स्पीति में एक सड़क पर आवाजाही ठप है।

 

कांगड़ा, बिलासपुर और मंडी में दर्ज की गई सर्वाधिक बारिश

मौसम आंकड़ों के अनुसार रविवार शाम से सोमवार सुबह तक कांगड़ा शहर में सर्वाधिक 70.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बिलासपुर और मंडी में 70-70 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा सिरमौर के धौलाकुआं में 66 मिलीमीटर, बिलासपुर के ब्राह्मणी में 62.2 मिलीमीटर, मंडी के मुरारी देवी क्षेत्र में 61.4 मिलीमीटर और नैना देवी में 60.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। शिमला शहर में 59.8 मिलीमीटर, ऊना के रायपुर मैदान में 48.4 मिलीमीटर और पांवटा साहिब में 45.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

 

मानसून सीजन में अब तक भारी नुकसान

मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन, बिलासपुर और सिरमौर में बारिश की तीव्रता बनी रहेगी। चालू मॉनसून सीजन के दौरान प्रदेश को प्राकृतिक आपदाओं से भारी क्षति पहुंची है। आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के मुताबिक 30 जून से अब तक बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं से 1,183 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हो चुका है। इस दौरान विभिन्न हादसों और प्राकृतिक आपदाओं में कुल 249 लोगों की जान गई है, जबकि 401 लोग घायल हुए हैं।

खबरें और भी हैं...