JNV Admissions: बंदरोल नवोदय में दाखिले की रेस शुरू, जानें 30 सितंबर से पहले करें आवेदन

JNV Admissions 2027-28

JNV Admissions: जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल (कुल्लू) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के तहत कक्षा 9वीं और 11वीं की खाली सीटों को भरने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला कुल्लू के जो अभिभावक अपने बच्चों को बेहतरीन आवासीय शिक्षा दिलवाना चाहते हैं और जिनके बच्चे वर्तमान में 8वीं या 10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं, उनके पास नवोदय में दाखिला पाने का यह एक शानदार मौका है। नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 (LEST) के जरिए होने वाले इस प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 तय की गई है। वहीं, इन खाली सीटों पर योग्य छात्रों के चयन के लिए लिखित परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित होगी।

 

कड़ा उम्र का पैमाना: एक दिन की भी गड़बड़ी तो फॉर्म होगा रिजेक्ट

नवोदय विद्यालय समिति ने चयन परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों के लिए सख्त आयु सीमा निर्धारित की है। कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले छात्र की जन्म तिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होनी चाहिए। वहीं, कक्षा 11वीं की खाली सीटों पर दावेदारी ठोकने वाले छात्रों का जन्म 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के मध्य होना अनिवार्य है। निर्धारित समय सीमा से बाहर जन्म तिथि पाए जाने पर आवेदन पत्र सीधे खारिज कर दिया जाएगा।

 

सीबीएसई पोर्टल पर करें अप्लाई, हेल्पलाइन नंबर पर भी ले सकते हैं मदद

दाखिले के इच्छुक छात्र सीबीएसई के आधिकारिक पोर्टल के जरिए ऑनलाइन माध्यम से अपना फॉर्म भर सकते हैं। 9वीं कक्षा के लिए cbseitms.nic.in/2026/nvsix और 11वीं कक्षा के लिए cbseitms.nic.in/2026/nvsix_11 लिंक पर लॉगिन करना होगा। अगर फॉर्म भरने या पात्रता से जुड़ी किसी भी तरह की दिक्कत आती है, तो अभिभावक नवोदय विद्यालय कुल्लू के कार्यालय से सीधे मोबाइल नंबर 9418538510 पर संपर्क साध सकते हैं या फिर सीधे विद्यालय पहुंचकर हेल्प डेस्क की मदद ले सकते हैं।

रिपोर्ट: रमेश कंवर | कुल्लू 

खबरें और भी हैं...