Kangra News: कांगड़ा में खड्ड किनारे और ट्रक के भीतर मिले दो शव, पूरे इलाके में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Kangra News Two Bodies Found

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में दो अलग-अलग स्थानों से संदिग्ध परिस्थितियों में दो व्यक्तियों के शव बरामद होने की दुखद खबर सामने आई है। पहला मामला इंदौरा पुलिस थाने के तहत बडूखर दियोठी में सामने आया, जहां खड्ड के किनारे ढलान पर एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। वहीं दूसरा मामला कांगड़ा के एक पार्किंग क्षेत्र का है, जहां एक खड़े ट्रक के भीतर चालक का शव मिला। दोनों ही घटनाओं की जानकारी मिलने के बाद कांगड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बडूखर दियोठी में शुक्रवार सुबह खड्ड के पास एक टहनी के सहारे लटके शव को देखकर राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पंचायत प्रधान राघव पठानिया को सूचित किया। इसके बाद करीब 10 बजे इंदौरा थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है, जो पंजाब के मुकेरियां का निवासी था और बीते 20 वर्षों से बडूखर में राजमिस्त्री का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है।

 

पार्किंग में खड़े ट्रक में मिला पंजाब निवासी व्यक्ति का शव

कांगड़ा शहर की एक पार्किंग में खड़े ट्रक के अंदर मिले दूसरे शव की पहचान पंजाब के होशियारपुर निवासी 45 वर्षीय सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के परिजनों को इस बाबत सूचित किया। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सुखविंदर पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित था।

 

शुरुआती जांच में बीमारी के कारण मौत की आशंका, कानूनी प्रक्रिया जारी

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सुखविंदर गुरुवार रात ट्रक में ही सो गया था और शुक्रवार सुबह फोन पर बातचीत के दौरान उसने अपनी तबीयत काफी खराब होने की बात कही थी। पुलिस की शुरुआती जांच में बीमारी के चलते ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है और सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से लगाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...