Kullu News: एडीम के निर्देश, जन्म-मृत्यु पंजीकरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करें 

2 सप्ताह पहले
Kullu News ADM Meeting

Kullu News: एडीम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर की अध्यक्षता में बुधवार को सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम के तहत जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कुल्लू में आयोजित इस बैठक के दौरान जन्म-मृत्यु की घटनाओं के समयबद्ध पंजीकरण, प्रमाण-पत्रों की इलेक्ट्रॉनिक डिलीवरी, पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा पूरी पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

निर्धारित समय में हो पंजीकरण, आम जनता को न हो कोई परेशानी

एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने संबंधित अधिकारियों को जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम को पूर्ण रूप से लागू करने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु की प्रत्येक घटना का निर्धारित समयावधि के भीतर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को अपने आवश्यक प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा या कठिनाई का सामना न करना पड़े।

 

पंचायत सचिवों और कर्मचारियों के लिए आयोजित होंगी विशेष कार्यशालाएं

पंजीकरण कार्य को और अधिक सुचारू बनाने के लिए एडीएम ने पंचायत स्तर पर कार्यरत पंचायत सचिवों और अन्य संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यशालाओं के माध्यम से कर्मचारियों को सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम की नवीनतम प्रक्रियाओं, नियमों और नए प्रावधानों की पूरी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लगातार प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण से ही पंजीकरण कार्य को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकता है।

 

अस्पतालों की सूचना प्रणाली, डिजिटलीकरण और सुरक्षा उपायों की समीक्षा

बैठक के दौरान सरकारी एवं निजी अस्पतालों द्वारा जन्म-मृत्यु की घटनाओं की समय पर सूचना देने, मृत्यु के चिकित्सकीय प्रमाणीकरण तथा निजी अस्पतालों की इकाईवार सूची तैयार करने की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण के काम को गति देने पर बल दिया गया। फर्जी पंजीकरण और यूजर क्रेडेंशियल के किसी भी तरह के दुरुपयोग को पूरी तरह रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और सख्त करने पर भी गहन मंथन हुआ।

 

बैठक में मुख्य रूप से मौजूद रहे ये अधिकारी

इस समीक्षा बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी दया राम, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राधा शर्मा और डॉ. सुरेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद तथा अन्य संबंधित प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

रिपोर्ट: रमेश कंवर 

खबरें और भी हैं...