कुल्लू को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने के लिए ‘कुल्लू बदलाव की ओर’ अभियान शुरू, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने वाहनों को दिखाई हरी झंडी

3 सप्ताह पहले

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: कुल्लू शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर बनाने के उद्देश्य से ‘कुल्लू बदलाव की ओर’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने विशेष स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शहर में कचरा प्रबंधन की इस मुहिम की शुरुआत की।

ऐतिहासिक कुल्लू दशहरा उत्सव से ठीक पहले शुरू किए गए इस विशेष अभियान का मुख्य ध्येय पूरे शहर को युद्ध स्तर पर स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रूप देना है।

 

‘लॉर्ड शिवा एंटरप्राइजेज‘ संभालेगी कूड़ा-कचरा प्रबंधन की कमान

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में चल रहा ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का संकल्प अब स्वच्छता के क्षेत्र में भी धरातल पर दिखाई दे रहा है। कुल्लू शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर और अत्याधुनिक बनाने के लिए नगर परिषद ने ‘लॉर्ड शिवा एंटरप्राइजेज’ के साथ करार किया है, जो अब शहर में कचरा प्रबंधन का जिम्मा संभालेगी।

उन्होंने कहा कि कुल्लू एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।

 

कचरा फैलाने वालों पर लगेगी लगाम

शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और खुले में कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए एक विशेष फ्लाइंग स्क्वायड (Flying Squad) का गठन किया गया है। यह दस्ता कुल्लू नगर परिषद के सभी वार्डों में औचक निरीक्षण करेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही विधायक ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है और उन्हें बेहतर मानदेय, स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

 

तटबंध निर्माण और अखाड़ा बाजार के लिए 8 करोड़ की परियोजना मंजूर

क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि रामशिला से लंकाबेकर तक तटबंध का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं, इनर अखाड़ा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे के लिए 8 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा कुल्लू से भुंतर तक व्यास नदी के तटबंध निर्माण और घाटों के सौंदर्यीकरण की बड़ी योजना पर काम चल रहा है।

समारोह में नगर परिषद अध्यक्षा आशा ठाकुर, उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा, एसडीएम जय जयवंती ठाकुर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार और पार्षदगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...