कुल्लू में पैराग्लाइडिंग व राफ्टिंग पर प्रशासन सख्त: पायलटों का अनिवार्य ड्रग टेस्ट व सिंगल काउंटर प्रणाली लागू करने के आदेश

रमेश कंवर: कुल्लू

Kullu News: जिला कुल्लू में पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग और अन्य साहसिक पर्यटन गतिविधियों को सुरक्षित, पारदर्शी तथा सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वीरवार को उपायुक्त एवं अध्यक्ष नियामक समिति डॉ. अमित शर्मा की अध्यक्षता में जिला पर्यटन नियामक समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा द्वारा संचालित इस बैठक में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (अबवीमास) मनाली के अधिकारी, विभिन्न राफ्टिंग संगठनों के पदाधिकारी और गैर-आधिकारिक सदस्य उपस्थित रहे।

 

नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस

बैठक में उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा ने स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और साहसिक खेलों में संलग्न पायलटों व ऑपरेटरों के लिए नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। पर्यटकों की जान-माल की सुरक्षा के मद्देनजर सभी पायलटों का अनिवार्य रूप से ड्रग टेस्ट (नशा परीक्षण) करवाने के आदेश जारी किए गए हैं, साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑपरेटरों के लाइसेंस रद्द करने सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

 

सिंगल काउंटर प्रणाली व कंसेंट फॉर्म अनिवार्य, साइट्स पर लगेंगे सुरक्षा बोर्ड

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग साइट्स पर ‘सिंगल काउंटर’ प्रणाली की सख्ती से अनुपालना हो और सभी बुकिंग केवल अधिकृत काउंटर से ही की जाएं। इसके अलावा सभी टेक-ऑफ और लैंडिंग साइट्स पर शौचालय व पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने, ‘क्या करें और क्या न करें’ के स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने तथा उड़ान से पूर्व भरवाए जाने वाले कंसेंट फॉर्म में भी सुरक्षा दिशा-निर्देश अनिवार्य रूप से शामिल करने को कहा गया है।

 

नदी तटों से हटेगा अवैध अतिक्रमण, लॉग बुक व दैनिक रिकॉर्ड रखना जरूरी

रिवर राफ्टिंग और साहसिक स्थलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नदी तटों व पर्यटन क्षेत्रों से अवैध अतिक्रमण तुरंत हटाने और अपंजीकृत गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पारदर्शिता के लिए प्रत्येक राफ्टिंग स्ट्रेच पर दैनिक ब्यौरा प्रस्तुत करने, लॉग बुक का नियमित रखरखाव करने तथा मासिक राइड्स व पर्यटकों के सटीक आंकड़े साझा करने को अनिवार्य किया गया है, ताकि कुल्लू की जीडीपी में पर्यटन क्षेत्र की वास्तविक हिस्सेदारी का आकलन कर बेहतर नीतियां बनाई जा सकें।

खबरें और भी हैं...