लाहौल स्पीति के 58 स्कूलों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण जारी, 1,029 विद्यार्थियों को किया जा रहा सशक्त

Lahaul Spiti News: रानी लक्ष्मीबाई योजना के अंतर्गत जिला लाहौल एवं स्पीति के विभिन्न विद्यालयों में छात्राओं एवं विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम (UAC) संचालित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से जिले के कुल 58 विद्यालयों में 1,029 विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसके प्रभावी संचालन के लिए 35 यूएसी प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है।

 

आत्मरक्षा कौशल के साथ महिला सुरक्षा और साइबर अपराध की दी जा रही जानकारी

जिला पुलिस लाहौल एवं स्पीति द्वारा विद्यार्थियों के सुरक्षित भविष्य एवं सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के व्यावहारिक कौशल (Self-Defence) सिखाने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों, महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा साइबर अपराध और आपदा प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

 

सड़क सुरक्षा नियमों और नशा निवारण के लिए किया जा रहा प्रेरित

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व, सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा, नशा निवारण जागरूकता के तहत मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत करवाते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...