Lahaul Spiti News: केलांग में मैराथन समीक्षा बैठक: DC किरण भड़ाना का कड़ा रुख, लापरवाह अधिकारियों की बढ़ेगी मुश्किले

1 घंटा पहले
Lahaul Spiti News DC Kiran Bhadana

रमेश कंवर: केलांग 

Lahaul Spiti News: जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के प्रशासनिक गलियारे में सोमवार को उस समय खासी हलचल देखने को मिली, जब जिला मुख्यालय केलांग के सम्मेलन कक्ष में उपायुक्त किरण भड़ाना ने एक उच्चस्तरीय मैराथन समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के विकास कार्यों, आपदा प्रबंधन की तैयारियों, स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क कनेक्टिविटी का पूरा ब्योरा तलब किया गया। उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करना होगा।

बैठक के दौरान जिले की लाइफलाइन कही जाने वाली सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं और बिजली-पानी की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। लोक निर्माण विभाग को अस्पताल सड़क का काम आगामी 15 दिनों में हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए, वहीं प्रसिद्ध शाशुर मठ सड़क के शेष एक किलोमीटर हिस्से की टारिंग के लिए फंड का त्वरित फॉलोअप करने को कहा गया। क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में निर्माणाधीन लिफ्ट के अधूरे काम को विद्युत विंग के साथ तालमेल बिठाकर जल्द चालू करने की ताकीद की गई, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।

आगामी सर्दियों और आपदा की तैयारियों को भांपते हुए उपायुक्त ने थिरोट पावर प्लांट को पूरी क्षमता से चलाने, सैटलाइट (ISAT) फोनों की मरम्मत करने और स्नो कटर जैसी आपातकालीन मशीनरी को अभी से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा को लेकर बीआरओ (BRO) और पुलिस विभाग को कोकसर जैसे ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर क्रैश बैरियर और साइन बोर्ड लगाने को कहा गया।

स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को नई दिशा देते हुए उपायुक्त ने औषधीय चरागाहों के कारण उच्च गुणवत्ता वाले स्थानीय दूध की बेहतर ब्रांडिंग व मार्केटिंग करने की योजना पेश की। इसके अलावा त्रिलोकनाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण, इको-टूरिज्म पार्क, कचरा प्रबंधन (SADA) और ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना’ के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...