Nahan News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत डिटैक्शन सैल नाहन की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने गश्त के दौरान दो युवकों के कब्जे से 19.44 ग्राम चिट्टा और एक हजार रुपए की नकदी बरामद की है।
पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ददाहू निवासी रोहित परमार और निकुंज कुमार उर्फ भानु को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नाहन थाना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर चबाहां के पास पुलिस ने की नाकेबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डिटैक्शन सैल की टीम चबाहां के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी ददाहू और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने का काम करते हैं। सूचना में बताया गया कि दोनों आरोपी एक गाड़ी में सवार होकर कालाअम्ब की ओर से ददाहू की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाकेबंदी कर वाहन की चेकिंग शुरू की।
तलाशी के दौरान बरामद हुआ चिट्टा और एक हजार रुपए नकद
संदेह के आधार पर पुलिस ने जब उक्त वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली तो दोनों युवकों के कब्जे से 19.44 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस ने उनके पास से एक हजार रुपए की नकद राशि भी जब्त की। पुलिस ने नशीले पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी।
क्या कहती है पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना नाहन में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि नशे के काले कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
सप्लायरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि मुख्य सप्लायर का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जांच रही है कि आरोपी यह चिट्टा किससे खरीदकर लाए थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र के युवाओं को नशा बेचने का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अन्य बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।