रमेश कंवर: शिमला
Shimla Crime News: शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू के समरकोट पुजारली स्थित देवता महेश्वर महाराज मंदिर परिसर की पार्किंग से देवदार की लकड़ी के 20 स्लीपर चोरी करने के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आधुनिक तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचने में सफलता हासिल की है।
23-24 अक्टूबर की मध्यरात्रि हुई थी वारदात
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 23 और 24 अक्टूबर की मध्यरात्रि को अज्ञात शातिरों ने मंदिर परिसर की पार्किंग में रखे देवदार की लकड़ी के 20 कीमती स्लीपर चोरी कर लिए थे। इस संबंध में 26 नवंबर को पुलिस थाना रोहड़ू में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश तेज की और जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सीसीटीवी फुटेज तथा मोबाइल डंप डेटा का बारीकी से विश्लेषण किया, जिसके आधार पर वारदात में संलिप्त तीनों आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई।
कठुआ निवासी हैं तीनों आरोपी
पुख्ता सबूत हाथ लगने के बाद पुलिस टीम ने 27 नवंबर को कार्रवाई करते हुए शब्बीर अहमद (26), रफाकत अली (25) और शब्बीर अहमद (31), तीनों निवासी जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और चोरी किए गए देवदार के स्लीपरों की बरामदगी तथा गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों को लेकर मामले में आगे की गहन जांच की जा रही है।