दो दिवसीय राज्य स्तरीय ‘पीएम श्री बाल मेला-2026’ का भव्य आगाज: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बोले: 99.55 फीसदी साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य बना हिमाचल

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टूटू (शिमला) में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय ‘पीएम श्री बाल मेला-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया। 28 एवं 29 नवंबर को आयोजित हो रहे इस राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन स्थानीय विद्यालय द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) शिमला के सहयोग से किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर से 337 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं।

इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. रश्मि राणा और डाइट प्रधानाचार्य वीरेंद्र चौहान ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षा मंत्री ने टूटू स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ करने के साथ ही विद्यालय की मासिक स्मारिका ‘सृजन दर्पण’ का विमोचन भी किया।

 

अपनी अनपढ़ मां को पढ़ाने वाले पांचवीं के छात्र कृष्णा को मंत्री ने बताया प्रदेश की प्रेरणा

समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि बाल मेलों के माध्यम से बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए सशक्त मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की मजबूती में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि है और प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि आज हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श राज्य है। मंत्री ने पांचवीं कक्षा के छात्र कृष्णा का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह कृष्णा ने अपनी अनपढ़ मां को पढ़ाने का कार्य किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है और यही वजह है कि हिमाचल की साक्षरता दर निरंतर बढ़ रही है।

 

साक्षरता दर 99.55 फीसदी पहुंची

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रदेश की शैक्षणिक उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया कि 99.55 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ हिमाचल प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) 2024 में प्रदेश ने 21वें स्थान से जबरदस्त सुधार करते हुए देशभर में पांचवां स्थान हासिल किया है, जबकि परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) 2024-25 में 659.2 अंक प्राप्त कर हिमाचल 13वें स्थान से छलांग लगाकर देशभर में छठे स्थान पर पहुंच गया है।

 

शिक्षा विभाग में होगी 7,000 से अधिक सीधी नियुक्तियां  

उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में 7,000 से अधिक सीधी नियुक्तियों के साथ 7,600 से अधिक पदोन्नतियां की गई हैं और उच्च शिक्षा विभाग में 5,103 पद भरे गए हैं। इसके अतिरिक्त 147 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, 800 संस्थानों को उत्कृष्ट संस्थान के रूप में विकसित किया गया है तथा जल्द ही प्रदेश के स्कूलों में 3,700 चौकीदार के पद भी भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि ‘अपना विद्यालय’ योजना के तहत 6,390 से अधिक स्कूलों को अपनाया गया है, मेधावी छात्रों को 8,400 से अधिक टैबलेट वितरित किए गए हैं और 69वें एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूली खेलों में प्रदेश के विद्यार्थियों ने 48 पदक जीते हैं।

 

तीन वर्गों में हो रही हैं रोचक प्रतियोगिताएं

निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली ने कहा कि प्रारंभिक और उच्च शिक्षा निदेशालय को एकजुट कर एक ही स्कूल शिक्षा निदेशालय बनाए जाने से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण कार्य हो रहा है और बाल मेले से बच्चों में रचनात्मकता व आत्मविश्वास बढ़ता है। दो दिवसीय आयोजन में तीन वर्गों के तहत प्रतियोगिताएं हो रही हैं, जिनमें प्राथमिक वर्ग (पहली से पांचवीं) में म्यूजिकल चेयर, स्पून रेस, प्रश्नोत्तरी, कहानी सुनाना, फैंसी ड्रेस, एकल नृत्य और लोक व भक्ति गीत शामिल हैं। मिडिल वर्ग (छठी से आठवीं) में भाषण, एकल गायन, देशभक्ति समूह गान, एकल नृत्य, शतरंज, प्रश्नोत्तरी तथा चित्रकला प्रतियोगिताएं हो रही हैं, जबकि माध्यमिक व वरिष्ठ माध्यमिक वर्ग (नौवीं से बारहवीं) में वाद-विवाद, एकल गायन, समूह नृत्य, नाटक और विज्ञान गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस मौके पर पार्षद मोनिका भारद्वाज, पार्षद अनीता शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा लेख राज भारद्वाज, उप निदेशक गुणवत्ता अनिल कुंद्रा, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा निशा भलूनी, एसएमसी प्रधान अनुराधा शर्मा और राज्य समन्वयक सुनीता शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...