Shimla News: शिमला के सुन्नी सिविल अस्पताल में हड़कंप, इलाज करवाने पहुंची 19 वर्षीय छात्रा ने डेंटल डॉक्टर पर लगाए अनुचित व्यवहार के आरोप

रमेश कंवर: शिमला

Shimla News: शिमला जिले के सुन्नी सिविल अस्पताल से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां इलाज करवाने पहुंची 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने अस्पताल में तैनात एक डेंटल डॉक्टर पर अनुचित और आपत्तिजनक व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गहन छानबीन शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित 19 वर्षीय युवती सुन्नी के एक डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। गत गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी एक सहेली के साथ दांतों की जांच कराने के लिए सुन्नी सिविल अस्पताल गई थी। छात्रा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दांतों के उपचार के दौरान डॉक्टर ने उसके साथ अनुचित आचरण किया।

 

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी

घटना के बाद पीड़ित छात्रा ने सुन्नी पुलिस थाने पहुँचकर अपनी लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी चिकित्सक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक (ASI) चमन लाल को सौंपी गई है। पुलिस अब अस्पताल के अन्य स्टाफ, आसपास मौजूद लोगों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक तथ्यों और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...