Teachers Day: राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह के अवसर पर राजभवन शिमला में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 32 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार तथा वर्ष 2025 के लिए एक शिक्षक को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। राज्यपाल ने देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि वे विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, चरित्र और आत्मविश्वास का निर्माण कर राष्ट्र का भविष्य संवारते हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ की परिकल्पना को साकार करने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल तकनीक कितनी भी आगे बढ़ जाए, लेकिन शिक्षक द्वारा दिए जाने वाले मार्गदर्शन और संस्कारों का स्थान कभी नहीं ले सकती। उन्होंने परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन और आधारभूत साक्षरता में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने के लिए शिक्षकों की सराहना की।
प्रदेश में साक्षरता दर 100 प्रतिशत के पास, सभी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम लागू: रोहित ठाकुर
शिक्षक दिवस के इस विशेष मौके पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। प्रदेश में साक्षरता दर 100 प्रतिशत के करीब पहुंच गई है और प्राथमिक स्तर से ही अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 9,000 से अधिक पदों पर नियुक्तियां कर शिक्षकों की कमी को दूर किया है। इसके अलावा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए एक्सपोजर विजिट की शुरुआत भी की गई है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों की सफलता का बनेगा दस्तावेज
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि अपनी जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर बच्चों का भविष्य संवारने वाले शिक्षकों की सफलता की कहानियों का दस्तावेजीकरण किया जाना चाहिए, ताकि अन्य शिक्षक भी उनसे प्रेरणा ले सकें। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, शिक्षा सचिव राकेश कंवर और स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।