Una News: ऊना पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा एक्शन, 1.57 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति फ्रीज

Una News: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही जंग अब तस्करों की अवैध कमाई और आर्थिक साम्राज्य तक पहुंच गई है। पुलिस न केवल नशा कारोबारियों को सलाखों के पीछे भेज रही है, बल्कि अवैध धंधे से बनाई गई संपत्ति पर भी कड़ा शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में ऊना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी से जुड़े चार मामलों में कुल 1 करोड़ 57 लाख 2 हजार 432 रुपये की संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई की है। इस संपत्ति में ट्रक, कृषि भूमि, वाहन और बैंक खातों में जमा राशि शामिल है।

पुलिस अब केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के जरिए जुटाई गई अवैध संपत्ति का पता लगाकर उस पर कानूनी शिकंजा कसना भी रणनीति का अहम हिस्सा बन गया है। ऊना में मामलों की वित्तीय जांच के दौरान आरोपितों की आय और घोषित स्रोतों के बीच के बड़े अंतर का खुलासा हुआ है।

 

मैहतपुर और संतोषगढ़ में की गई मुख्य कार्रवाई

मैहतपुर पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में चड़तगढ़ निवासी कुलविंदर सिंह से 122.960 किलोग्राम भुक्की बरामद की गई थी। जांच में आय का कोई वैध स्रोत न मिलने पर पुलिस ने आरोपित के नाम पर पंजीकृत तीन ट्रकों और बैंक खातों से जुड़ी 52 लाख 6 हजार 366 रुपये की संपत्ति फ्रीज की। इसी प्रकार सदर ऊना थाना क्षेत्र के अंतर्गत संतोषगढ़ निवासी बलविंद्र कुमार से 25.30 किलोग्राम भुक्की बरामद की गई थी। पुलिस जांच में उसके पास करीब दो हजार वर्ग मीटर कृषि भूमि, एक हल्का वाहन और बैंक खाते मिले, जिसके आधार पर 19 लाख 21 हजार 54 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। इसके अलावा, ऊना पुलिस ने दो अन्य एनडीपीएस मामलों में 71 लाख 27 हजार 420 रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। इस प्रकार कुल चार मामलों में 1.57 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई की गई है।

इससे पहले भी ऊना पुलिस 85 लाख 75 हजार 12 रुपये की संपत्ति फ्रीज कर चुकी है, जिसे सक्षम प्राधिकारी, दिल्ली से पुष्टि मिल चुकी है।

 

इस वर्ष के एनडीपीएस कार्रवाई के आंकड़े

ऊना जिले में इस वर्ष अब तक नशे के खिलाफ कड़े कदम उठाए गए हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 80 मामले दर्ज किए गए हैं और कार्रवाई के दौरान 134 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान 1.583 किलोग्राम हेरोइन, 493.63 किलोग्राम भुक्की, 2.70 किलोग्राम चरस, 9.09 किलोग्राम गांजा और 196 ग्राम अफीम बरामद की है। इसके अतिरिक्त तस्करों से 9 लाख 19 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

 

नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ना मुख्य लक्ष्य

पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ गिरफ्तारियों के साथ-साथ वित्तीय जांच और सप्लाई चेन पर कड़ा प्रहार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य न केवल तस्करों पर नकेल कसना है, बल्कि उन्हें आर्थिक मजबूती देने वाले पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है ताकि जिले में नशे की आपूर्ति पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

खबरें और भी हैं...