Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल अंतर्गत पूबोवाल गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। गांव के दो होनहार और युवा बेटों की एक ही दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान अमनदीप सिंह और सुखराज (दोनों की आयु 30 से 32 वर्ष) के रूप में हुई है। दो जवान बेटों की असमय मौत से दोनों परिवारों की खुशियां पल भर में उजड़ गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस अनहोनी से स्तब्ध है।
घटनाक्रम के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे गहलूवाल स्थित रेन शेल्टर के पास अमनदीप सिंह का शव पड़े होने की सूचना मिली। इस खबर से अभी गांव उबर भी नहीं पाया था कि कुछ ही घंटों बाद सुबह करीब 11 बजे दूसरे युवक सुखराज को भी गंभीर व बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल हरोली लाया गया। अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद सुखराज को भी मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह अस्पष्ट है, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम, हरोली पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी
हरोली थाना के एसएचओ अनूप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दोनों युवकों की संदिग्ध मौत से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा करने के लिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। अचानक दो घरों के चिराग बुझ जाने और मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूबोवाल का हर ग्रामीण गमगीन है।