Weather Report: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, उत्तर भारत के कई राज्यों में आगामी दिनों में मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी। आज से 13 सितंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के विभिन्न इलाकों में छिटपुट या हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 11 सितंबर के दौरान हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी, जिसके बाद 12 से 14 सितंबर तक छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। पंजाब में भी इस पूरी अवधि के दौरान हल्की वर्षा के आसार बने रहेंगे। हालांकि, मैदानी राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश का असर अधिक देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 8 से 12 सितंबर तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
दूसरी ओर, उत्तराखंड में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है। IMD ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि 10 से 13 सितंबर के बीच उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही 9 से 13 सितंबर के दौरान राज्य में आंधी-तूफान चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।