Pangi News: जनजातीय क्षेत्र पांगी की लाइफलाइन मानी जाने वाली संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी (SKTT) सड़क के निर्माण और चौड़ीकरण परियोजना को गति देने के लिए पंचायत घर पूर्थी में जन सुनवाई का आयोजन किया गया। जन सुनवाई की अध्यक्षता आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने की। इस दौरान सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे प्रभावित परिवारों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, पुनर्वास और पुनर्व्यवस्थापन से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, आपत्तियों और सुझावों को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा।
बैठक में बीआरओ 94 आरसीसी के मेजर पारस कोचर, तहसीलदार पांगी संदीप कुमार तथा खंड विकास अधिकारी पांगी आस्था पवार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
58 बीघा निजी भूमि का हो रहा अधिग्रहण
संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी सड़क के किलोमीटर 96 से 125 तक के हिस्से के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए माहलियात, धमोह, पूर्थी, छोएड़, रेई, फिंडरू और साच क्षेत्रों में लगभग 58 बीघा निजी भूमि अधिग्रहीत की जा रही है। भूमि अधिग्रहण की पारदर्शी प्रक्रिया और प्रभावित परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ही इस जन सुनवाई का आयोजन किया गया, ताकि प्रभावितों के अधिकारों और हितों की रक्षा की जा सके।
नियमों के तहत होगा पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन: एसडीएम
प्रभावित परिवारों द्वारा उठाई गई मांगों और आपत्तियों पर बोलते हुए एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने कहा कि जन सुनवाई का मुख्य उद्देश्य प्रभावित लोगों को अपनी बात रखने का उचित और पारदर्शी अवसर देना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी आपत्तियों और सुझावों को आधिकारिक रूप से दर्ज कर लिया गया है। नियमानुसार विचार करने के उपरांत उचित पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन योजना तैयार की जाएगी। प्रशासन ने यह भी घोषणा की कि जन सुनवाई की अगली कड़ी 10 सितंबर को पंचायत घर साच में आयोजित की जाएगी।
विद्यालयों का निरीक्षण कर जांचीं व्यवस्थाएं
जन सुनवाई संपन्न होने के पश्चात आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने प्राथमिक विद्यालय पूर्थी तथा शहीद दीना नाथ ठाकुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूर्थी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों, मध्याह्न भोजन और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा शिक्षकों को व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।