Kangra News: ज्वाली के घनेई गांव में स्नेकबाइट से महिला की मौत, घर के बरामदे में जहरीले सांप ने डसा

2 घंटे पहले
Kanga News

Kangra News: कांगड़ा जिले के उपमंडल ज्वाली के तहत आने वाली ग्राम पंचायत घनेई में एक बेहद दुखद हादसा पेश आया है। घर के बरामदे में अचानक जहरीले सांप के डसने से 55 वर्षीय महिला की डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज (टांडा) में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
मृतका की पहचान 55 वर्षीय पुष्पा देवी पत्नी निवासी गांव घनेई, डाकघर व तहसील ज्वाली (कांगड़ा) के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही पूरे घनेई गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रैफर की गई थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह के समय उस वक्त हुआ, जब पुष्पा देवी अपने घर के बरामदे में दैनिक कार्यों के सिलसिले में आई थीं। इसी दौरान वहां छिपे एक जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया। चीख-पुकार सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचे परिजन महिला की बिगड़ती हालत को देख आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल ज्वाली ले गए। ज्वाली अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रैफर कर दिया।

उपचार के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने दर्ज किया मामला
टांडा अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने महिला के शरीर में तेजी से फैले जहर के असर को बेअसर करने और उनकी जान बचाने के भरसक प्रयास किए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान पुष्पा देवी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना ज्वाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टांडा पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और शव परिजनों के हवाले कर दिया।

 

खबरें और भी हैं...