Kangra News: बैजनाथ पुलिस थाने में दर्ज एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस कस्टडी से चकमा देकर फरार हो गया था, जिसे कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पंजाब के बलौंगी से दोबारा धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय आर्यन देव उर्फ रेम्बो निवासी तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
उल्लेखनीय है कि 8 सितंबर को बैजनाथ पुलिस ने आरोपी आर्यन देव को चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद आरोपी पुलिस चकमा देकर हिरासत से भागने में सफल हो गया था। कस्टडी से आरोपी के भागते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और जिला कांगड़ा पुलिस ने आरोपी को दोबारा सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए तुरंत एक विशेष तलाशी अभियान शुरू किया था।
पंजाब में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा
घटना के तुरंत बाद कांगड़ा पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश देना शुरू किया। पुलिस टीम आरोपी की हर गतिविधि और लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए थी। पुलिस की त्वरित कार्यप्रणाली और सटीक सूचना के बल पर आरोपी को पंजाब के मोहाली स्थित बलौंगी क्षेत्र से सफलतापूर्वक ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया।
फरार होने का अलग से दर्ज होगा मामला
कांगड़ा पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर वापस ले आई है, जहां उसके खिलाफ चरस तस्करी के मूल मामले के साथ-साथ पुलिस कस्टडी से भागने के अपराध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि पंजाब भागने में आरोपी की मदद किस-किस व्यक्ति ने की थी।