Himachal News: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) हमीरपुर ने स्कूल शिक्षा विभाग में अर्थशास्त्र विषय के शिक्षकों के पदों के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26030 के तहत फिक्स मानदेय के आधार पर भरे जाने वाले 86 पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 85 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि इन पदों के लिए कुल 1246 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 1032 उम्मीदवार ही कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा में उपस्थित हुए थे। लिखित परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर 226 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।
आयोग द्वारा 29 और 31 अगस्त को आयोजित दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया के बाद श्रेणीवार मेरिट सूची तैयार कर 85 सफल अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन कर लिया गया।
आयोग सचिव ने स्पष्ट किया कि उपयुक्त और पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण अनुसूचित जाति (स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित) वर्ग का 1 पद रिक्त रह गया है।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि सभी चयनित और परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्तांकों सहित अंतिम परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट डाउनलोड और चेक कर सकते हैं।