शिमला के 10 वर्षीय निशानेबाज शिवास जनैक ने मचाई धूम, 5 स्वर्ण समेत जीते 8 मेडल

Himachal News Shimla Sanjauli Shivas Janaik Shooting Medals

रमेश कंवर: शिमला

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र के रहने वाले 10 वर्षीय शिवास जनैक ने शूटिंग (निशानेबाजी) के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऑकलैंड हाउस स्कूल फॉर बॉयज शिमला में पांचवीं कक्षा के छात्र शिवास ने अपनी छोटी सी उम्र में ही जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक कुल 5 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम कर लिए हैं।

शिवास ने हाल ही में 4 से 6 सितंबर तक आयोजित 10वीं हिमाचल प्रदेश राज्य इंटर-स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप में 10 मीटर राइफल स्पर्धा के दौरान स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। लगभग 145 खिलाड़ियों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शिवास ने 395 अंक हासिल किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को महज एक अंक के सूक्ष्म अंतर से पछाड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।

प्रतिभावान निशानेबाज शिवास के लिए वर्ष 2026 उपलब्धियों से भरा रहा है। 30 मई से 1 जून तक आयोजित 18वीं शिमला जिला शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके पश्चात 12 से 15 जून तक आयोजित द्वितीय प्री-एचपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 9 से 14 जुलाई तक आयोजित 31वीं हिमाचल प्रदेश राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में शिवास ने दो रजत पदक हासिल किए।

शिवास ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर अभ्यास, एकाग्रता और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई को देखकर उनकी रुचि शूटिंग में जगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अन्य खिलाड़ियों के पास आधुनिक और बेहतर उपकरण होने के बावजूद शिवास ने अपने आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

पढ़ाई में रुचि रखने वाले शिवास का पसंदीदा विषय गणित है। उनका मानना है कि गणित के प्रश्नों को हल करने से मानसिक एकाग्रता और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता में सुधार होता है, जिसका सीधा लाभ उन्हें शूटिंग के सटीक निशानों में मिलता है। निशानेबाजी के अलावा शिवास को क्रिकेट, फुटबॉल, संगीत और गायन का भी शौक है।

शिवास की इस अभूतपूर्व सफलता पर उनके माता-पिता और ऑकलैंड हाउस स्कूल प्रबंधन ने बेहद खुशी जताई है। स्कूल परिवार ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

खबरें और भी हैं...