Himachal News: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के तियूणी का दौरा किया। वहां उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान की 100वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिक्षा मंत्री ने स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
अपने संबोधन के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान कांग्रेस पार्टी के एक कद्दावर और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जौनसार-बावर तथा चकराता विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जन-कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की प्रगति में स्वर्गीय चौहान का योगदान अविस्मरणीय है और आने वाली पीढ़ियां भी उनके जनहितैषी कार्यों से प्रेरणा लेती रहेंगी।
ठाकुर राम लाल और गुलाब सिंह चौहान के राजनीतिक कद को किया याद
शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता स्वर्गीय ठाकुर राम लाल को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान की भांति ही स्वर्गीय ठाकुर राम लाल ने भी अपने क्षेत्र का लगातार आठ बार अजेय प्रतिनिधित्व किया था। दोनों ही दिग्गज नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की कठिन और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जनता के कल्याण और आधारभूत ढांचे के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया।
रोहित ठाकुर ने जुब्बल-कोटखाई और जौनसार-बावर क्षेत्र के गहरे ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्र केवल भौगोलिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी आपस में जुड़े हुए हैं। दोनों क्षेत्रों की जनता की अटूट आस्था हनोल स्थित भगवान महासू देवता में है और दोनों ही क्षेत्रों के लोग महासू देवता को परम श्रद्धा के साथ पूजते हैं।
जनजातीय क्षेत्र का दर्जा दिलाना रही ऐतिहासिक उपलब्धि
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शुरुआती दौर में जौनसार-बावर और जुब्बल-कोटखाई दोनों ही क्षेत्र विकास की दृष्टि से काफी पिछड़े हुए थे। स्वर्गीय गुलाब सिंह चौहान के ऐतिहासिक प्रयासों के कारण ही जौनसार-बावर क्षेत्र को जनजातीय (Tribal) क्षेत्र का दर्जा प्राप्त हुआ, जिससे वहां के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और विकास की मुख्यधारा में आने का अवसर मिला।
रोहित ठाकुर ने स्वर्गीय चौहान के पुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह चौहान के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि चकराता के कई बार विधायक रहे प्रीतम सिंह के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रीतम सिंह आने वाले समय में उत्तराखंड की राजनीति में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस श्रद्धांजलि समारोह में उत्तराखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल, अनेक विधायक, पार्टी पदाधिकारी तथा स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधि भारी संख्या में उपस्थित रहे।