रमेश कंवर: कुल्लू
Himachal News: जिला कुल्लू में कानून-व्यवस्था को सख्त करने और घटते अपराध ग्राफ को शून्य पर लाने के लिए जिला पुलिस कप्तान ने कमान संभाल ली है। जिला कुल्लू पुलिस द्वारा आयोजित ‘जेसीसी कल्याण-सह-अपराध बैठक’ में पुलिस अधीक्षक (SP) कुल्लू अभिषेक एस. ने थानों और चौकियों के प्रभारियों की जमकर क्लास ली। इस उच्चस्तरीय बैठक में जिला भर में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के तेजी से निस्तारण को लेकर सख्त दिशानिर्देश जारी किए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रोहित मृगपुरी, उपमंडल पुलिस अधिकारी मनाली विक्रांत बोंसरा, एसडीपीओ बंजार राजकुमार तथा एसडीपीओ आनी राजीव मेहता सहित जिले के तमाम उच्च पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
नशे के सौदागरों पर कसेगा शिकंजा, लंबित केस जल्द होंगे सॉल्व
आयोजित समीक्षा बैठक में जिले में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए रणनीति तैयार की गई। एसपी कुल्लू ने नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और नशे के बड़े हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाने के स्पष्ट निर्देश दिए। इसके अलावा, थानों में सालों से लटके पड़े आपराधिक मामलों की फाइलें जल्द निपटाने और शहर में यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने को कहा गया।
जवानों की समस्याओं का तुरंत होगा समाधान
बैठक के दूसरे अहम चरण में पुलिस कर्मियों के कल्याण और कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं की समीक्षा की गई। जवानों को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी व्यावहारिक दिक्कतों को सुनते हुए एसपी अभिषेक एस. ने संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर समस्याओं के निस्तारण के आदेश दिए। उन्होंने दोहराया कि अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा तभी प्रभावी हो सकती है जब पुलिस बल खुद मानसिक और भौतिक रूप से मजबूत रहे। इसलिए पुलिस जवानों की भलाई और सुविधाओं का ध्यान रखना कुल्लू पुलिस की प्राथमिकता है।