सूत्रधार कला संगम कुल्लू 4 अक्तूबर को देवसदन में सजाएगा ‘एक शाम पंछी जी के नाम’, 90 वर्षीय वरिष्ठ साहित्यकार के.आर. पंछी को मिलेगा विशेष सम्मान

2 घंटे पहले
Sutradhar Kala Sangam Kullu Meeting KR Panchi Event

रमेश कंवर: कुल्लू 

Kullu News: सूत्रधार कला संगम की कार्यकारिणी बैठक संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में सूत्रधार भवन में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में संस्था के उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव यशोदा शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम और सहप्रभारी धर्मेंद्र शर्मा सहित कार्यकारिणी के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी सांस्कृतिक आयोजनों और संस्था की विभिन्न गतिविधियों पर विस्तृत रूप से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में विशेष रूप से हिमाचल के वरिष्ठ साहित्यकार एवं लोक संस्कृति के ध्वजवाहक के.आर. पंछी के सम्मान में “एक शाम पंछी जी के नाम” कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला लिया गया। संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि यह विशेष सांस्कृतिक संध्या 4 अक्तूबर को देवसदन कुल्लू के सभागार में सायं 6:30 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

 

देवसदन कुल्लू में गूंजेंगे हिमाचली लोकगीत

इस विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में सूत्रधार कला संगम संगीत अकादमी के प्राचार्य पं. विद्या सागर के साथ वरिष्ठ कलाकार निशांत गौतम, अमित महंत, विजय, लाल सिंह, जीवन बुडाल, ट्विंकल, अर्पिता ठाकुर, संजय पुजारी और अनुष्का अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा संगीत सदन मंडी के संगीत गुरु उमेश भारद्वाज के शिष्य भी मंच पर विशेष प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन संस्था के प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम करेंगे।

 

के.आर. पंछी को 90 वर्ष की आयु पर मिलेगा विशेष सम्मान

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक उपसमिति का गठन किया गया है, जिसमें महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी और सुबोध सूद शामिल हैं। गौरतलब है कि के.आर. पंछी जी ने मार्च 2026 में जीवन के 90 वर्ष पूरे किए हैं और उन्होंने पहाड़ी भाषा, संगीत व साहित्य को समृद्ध करने में अपना जीवन समर्पित किया है। संस्था द्वारा उन्हें जीवनपर्यंत सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सभी कला प्रेमियों के लिए पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

 

लोकगीत “रुमे गै झुरिये रुमे” का हुआ विमोचन

इस अवसर पर के.आर. पंछी के संगीत निर्देशन व रचना में तैयार नए लोकगीत “रुमे गै झुरिये रुमे” का विमोचन किया गया। इस गीत को गायक जीवन बुडाल ठाकुर ने अपनी आवाज दी है, जबकि शालू शर्मा और कशिश ठाकुर ने इसमें अभिनय किया है।

खबरें और भी हैं...