रमेश कंवर: काजा
Spiti News: जिला परिषद लाहौल-स्पीति की अध्यक्ष तिनले दिदेन 23 से 28 अक्टूबर तक स्पीति उपमंडल के विस्तृत दौरे पर हैं। इस छह दिवसीय प्रवास के दौरान वह काजा और घाटी की विभिन्न सुदूर ग्राम पंचायतों का दौरा कर स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगी। इसके साथ ही वह पंचायतों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भौतिक प्रगति और गुणवत्ता का मौके पर जाकर जायजा लेंगी।
Spiti News: 24 अक्टूबर को लोसार से काजा तक जनसंवाद
जिला परिषद कार्यालय केलांग द्वारा जारी आधिकारिक भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष 23 अक्टूबर को केलांग से काजा पहुंच चुकी हैं। तय कार्यक्रम के तहत 24 अक्टूबर को वह हंसा से लोसार, क्यामो, क्याटो, पंगमो, हल, मोरंग, सुमलिंग, खुरिक, रंगरिक और काजा डखर का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगी। इसके अगले दिन 25 अक्टूबर को काजा से सिचलिंग, लिंगटी, रामा, सिलुक, शुनगुन और लालुंग पंचायतों में विकास योजनाओं का निरीक्षण प्रस्तावित है।
28 अक्टूबर को केलांग वापसी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अक्टूबर को लालुंग से काजा लौटने के बाद 27 अक्टूबर को जिला परिषद अध्यक्ष काजा स्थित उपमुख्यालय में प्रशासनिक कार्यों और जनसमस्याओं के निवारण के लिए उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद 28 अक्टूबर को सुबह 9 बजे वह काजा से जिला मुख्यालय केलांग के लिए रवाना होंगी।
पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों को निर्देश जारी
जिला पंचायत अधिकारी एवं जिला परिषद के सचिव संजीव कुमार ने इस संबंध में विकास खंड काजा के अधिकारियों, संबंधित ग्राम पंचायत प्रधानों और सचिवों को आधिकारिक निर्देश जारी किए हैं। वार्ड लोसर-8 के जिला परिषद सदस्य को भी अपने वार्ड की पंचायतों के निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहने को कहा गया है, ताकि मौके पर ही विकास योजनाओं की स्थिति स्पष्ट हो सके और जनता की मांगों को प्राथमिक स्तर पर दर्ज किया जा सके।