Lahaul Spiti News: लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर ने नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित अमिताभा माउंटेन में आयोजित बौद्ध धर्म की कारग्यू ड्रुक्पा परंपरा के पांच दिवसीय वार्षिक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शिरकत की। इस वैश्विक समागम में भारत, भूटान, वियतनाम, कोरिया, मलेशिया, ताइवान, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया, जर्मनी और अमेरिका सहित एशिया और यूरोप के विभिन्न देशों से आए शीर्ष बौद्ध धर्मगुरु, भिक्षु, भिक्षुणियां और श्रद्धालु शामिल हुए। सम्मेलन में विश्व भर से पहुंची भिक्षुणियों की उल्लेखनीय और सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
नालंदा से हिमालय तक फैले बौद्ध दर्शन और वज्रयान परंपरा पर हुआ गहन मंथन
सम्मेलन के दौरान रवि ठाकुर को पूज्य बौद्ध गुरुओं का पावन सान्निध्य प्राप्त करने, उनसे आध्यात्मिक शिक्षा एवं दीक्षा ग्रहण करने तथा अमिताभा माउंटेन स्थित पवित्र स्थल की परिक्रमा करने का सौभाग्य मिला। पांच दिवसीय इस आयोजन में ऐतिहासिक नालंदा विश्वविद्यालय से लेकर समूचे हिमालयी क्षेत्रों तक प्रसारित बौद्ध दर्शन, तंत्र एवं वज्रयान परंपरा पर विस्तृत विमर्श हुआ। विद्वानों और भिक्षुओं ने महान बौद्ध दार्शनिकों—आचार्य धर्मकीर्ति, आचार्य दीपंकर श्रीज्ञान और आचार्य शांतिदेव की कालजयी शिक्षाओं पर गहन अध्ययन एवं विचार-विमर्श किया।
29 पीढ़ियों से है परिवार का जुड़ाव
इस अवसर पर रवि ठाकुर ने कहा कि भगवान बुद्ध का शांति, करुणा, अहिंसा और मैत्री का संदेश वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में संपूर्ण मानवता के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म की इस महान परंपरा से विश्व के लगभग 50 देशों के अनुयायी जुड़े हुए हैं और ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच विभिन्न देशों को अपनी आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत साझा करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार भगवान बुद्ध की विरासत के संरक्षण और वैश्विक प्रचार-प्रसार के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है, जिसमें भगवान बुद्ध से जुड़े पवित्र पिपरहवा अवशेषों की 127 वर्षों बाद भारत वापसी एक मील का पत्थर है। रवि ठाकुर ने कहा कि उनके परिवार का पिछले 29 पीढ़ियों से बौद्ध धर्म की इस गौरवशाली परंपरा से अटूट जुड़ाव रहा है, ऐसे में इस सम्मेलन में आमंत्रित होना और गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
बुद्ध के संदेश को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने का आह्वान
पूर्व विधायक ने इस भव्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन में आमंत्रित करने और आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए ड्रुक्पा समुदाय तथा सभी पूज्य गुरुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। अंत में उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं किसी एक देश, क्षेत्र या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे विश्व के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने सभी से सामूहिक प्रयास कर बुद्ध के शांति, करुणा और मानवता के संदेश को दुनिया के प्रत्येक कोने तक पहुंचाने का आह्वान किया।