रमेश कंवर: काजा (लाहौल-स्पीति)
Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी को अब सीधे लद्दाख से जोड़ने की महत्वाकांक्षी परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। केंद्र सरकार ने स्पीति घाटी को पूर्वी लद्दाख से जोड़ने वाले प्रस्तावित ‘क्याटो-कोरजोक’ सामरिक मार्ग को देश की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की सूची में शामिल कर लिया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत लगभग 125 किलोमीटर लंबी सड़क और दुर्गम ताकलिंग ला दर्रे के नीचे करीब 4.5 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया जाएगा। फिलहाल, इस महत्वाकांक्षी सड़क और सुरंग परियोजना के लिए वन संरक्षण अधिनियम (FCA) के तहत वैधानिक मंजूरी प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
सुरंग से कम होगी 20 किमी की दूरी
प्रस्तावित मार्ग लाहौल-स्पीति के अंतिम गांव क्याटो को पूर्वी लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र स्थित कोरजोक से सीधे जोड़ेगा, जहां से लेह की दूरी लगभग 200 किलोमीटर है। इस परियोजना के प्रारंभिक चरण में डोगरा रेजिमेंट की इंजीनियरिंग विंग ने वर्ष 2026 की गर्मियों में ताकलिंग दर्रे के मुहाने तक करीब 15 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। परियोजना का सबसे अहम हिस्सा ताकलिंग ला दर्रे में प्रस्तावित 4.5 किलोमीटर लंबी सुरंग है। इस सुरंग के बन जाने से मार्ग की कुल लंबाई में करीब 15 से 20 किलोमीटर की कमी आएगी और अत्यधिक ऊंचाई वाले दुर्गम दर्रे को पार करना बेहद सुगम हो जाएगा।

भारतीय सेना को मिलेगा तीसरा रणनीतिक विकल्प
सामरिक दृष्टिकोण से यह प्रोजेक्ट भारतीय सेना के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। वर्तमान में मनाली-लेह का पारंपरिक मार्ग बारालाचा ला, नकी ला, लाचुलुंग ला और तंगलंग ला जैसे ऊंचे दर्रों से होकर गुजरता है, जबकि दूसरा शिंकुला मार्ग जांस्कर घाटी के रास्ते लद्दाख को जोड़ता है। क्याटो-कोरजोक मार्ग तैयार होने से सेना को पूर्वी लद्दाख के चांगथांग और कोरजोक सेक्टर तक पहुंचने के लिए एक सीधा और सुरक्षित तीसरा वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। इससे आपात परिस्थितियों में सैन्य वाहनों, भारी उपकरणों और रसद की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी तथा मौजूदा मार्गों पर निर्भरता कम होगी।
ग्रामीणों की दशकों पुरानी मांग हो रही पूरी
सामरिक मजबूती के साथ-साथ यह मार्ग दोनों सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय आर्थिकी के नए द्वार खोलेगा। इस सड़क के निर्माण से स्पीति और पिन वैली का लद्दाख के कोरजोक क्षेत्र से सीधा संपर्क स्थापित होगा और विश्व प्रसिद्ध ‘त्सो मोरीरी झील’ तक पहुंचने के लिए पर्यटकों को एक नया रोमांचक रास्ता मिलेगा।

स्पीति के स्थानीय निवासी छेतन दोरजे ने बताया कि वर्ष 2010 में ग्रामीणों और सीमा सड़क संगठन (BRO) के सदस्यों ने इस मार्ग की संभावनाओं का संयुक्त सर्वेक्षण किया था, तथा नवंबर 2022 में उनके पिता ने तत्कालीन लद्दाख सांसद जामयांग छेरिंग नामग्याल के समक्ष भी यह मांग रखी थी। एसडीएम काजा दीक्षित राणा ने कहा कि सड़क और सुरंग निर्माण के लिए एफसीए (FCA) मंजूरी की प्रक्रिया तेजी से जारी है और यह प्रोजेक्ट सैन्य रसद व क्षेत्रीय संपर्क के लिए मील का पत्थर साबित होगा।