Chamba News: युवक से चिट्टा बरामद, वाहन जब्त कर आरोपी गिरफ्तार

Himachal News

Chamba News: जिला चम्बा में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) चम्बा की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसआईयू टीम ने खैरी क्षेत्र के अंतर्गत चौहड़ा डैम के समीप नाकाबंदी के दौरान एक कार सवार युवक के कब्जे से 8.59 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही नशा तस्करी में प्रयुक्त गाड़ी को भी अपने कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसआईयू चम्बा की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और नियमित निगरानी के तहत चम्बा-खैरी मुख्य मार्ग पर चौहड़ा डैम के निकट सख्त नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक संदिग्ध गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने जब नियमानुसार वाहन और उसमें सवार युवक की गहन तलाशी ली, तो युवक के कब्जे से 8.59 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय साहिल ठाकुर, निवासी गांव द्रबला, जिला चम्बा के रूप में हुई है।

 

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बरामद किए गए मादक पदार्थ को सील करने के साथ ही आरोपी की गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) चम्बा विजय कुमार सकलानी ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस मामले में भी यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी चिट्टे की यह खेप कहां से खरीदकर लाया था और किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।

खबरें और भी हैं...