लाहौल स्पीति के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी: सिस्सू, काजा और उदयपुर में होंगे चयन ट्रायल; टीम के सभी 15 खिलाड़ी होंगे जिले के निवासी

 रमेश कंवर: केलांग (लाहौल-स्पीति)

Lahaul Spiti News: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। जिला लाहौल-स्पीति क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतम ठाकुर ने जिले की क्रिकेट व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन और पारदर्शिता लाने का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब जिले की विभिन्न आयु वर्ग की क्रिकेट टीमों में किसी भी बाहरी राज्य के खिलाड़ी को मौका नहीं दिया जाएगा, बल्कि टीम के सभी 15 खिलाड़ी शत-प्रतिशत लाहौल-स्पीति जिले के स्थानीय निवासी होंगे। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को उनके घर-द्वार पर मंच प्रदान करने के लिए आगामी वर्ष से चयन ट्रायल सिस्सू, काजा और उदयपुर में आयोजित किए जाएंगे।

 

पिछले 8 वर्षों की अनियमितताओं और बाहरी खिलाड़ियों के दबदबे पर कड़ा प्रहार

गौतम ठाकुर ने एक सार्वजनिक संदेश जारी करते हुए एसोसिएशन के पिछले आठ वर्षों के संचालन में कथित अनियमितताओं, बाहरी खिलाड़ियों के हस्तक्षेप और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों के दौरान एसोसिएशन पर बाहरी तत्वों का दबदबा रहा, जिसके चलते जिले की विभिन्न आयु वर्ग की टीमों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे बाहरी राज्यों के खिलाड़ियों को शामिल किया गया। उन्होंने चयन प्रक्रिया में कथित आर्थिक लेन-देन और जिले के होनहार स्थानीय युवाओं के साथ हुए अन्याय पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं से ऐसी संदिग्ध गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहने की अपील की।

 

हाईकोर्ट के फैसले से मिली मान्यता

कानूनी स्थिति स्पष्ट करते हुए गौतम ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) से जुड़े मामलों को लेकर बीसीसीआई के लोकपाल एवं एथिक्स ऑफिसर के समक्ष केस संख्या 03/2026 दायर किया गया था। इसके अतिरिक्त, जिला क्रिकेट एसोसिएशन लाहौल-स्पीति से संबंधित विवाद हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में भी विचाराधीन था। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर 2026 को माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए फैसले में उनकी अध्यक्षता वाली एसोसिएशन को मान्यता मिली है, जबकि बीसीसीआई एवं एचपीसीए से जुड़ा एक अन्य मामला वर्तमान में सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है।

 

युवाओं के भविष्य की रक्षा और पारदर्शी चयन व्यवस्था बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता

अध्यक्ष गौतम ठाकुर ने कहा कि वे नहीं चाहते कि जिले का कोई भी युवा खिलाड़ी किसी विवादित गतिविधि या गुटबाजी के कारण कानूनी उलझनों में फंसे। उन्होंने सभी स्थानीय खिलाड़ियों से अपने खेल और भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन का एकमात्र उद्देश्य जिले की क्रिकेट प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाना, ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को उचित मंच देना और स्थानीय खिलाड़ियों के अधिकारों की रक्षा करना है।

खबरें और भी हैं...